बदरीनाथ धाम में चढ़ावे की गिनती के दौरान सामने आई गड़बड़ी के बाद मंदिर की व्यवस्था में बड़े बदलाव की तैयारी शुरू हो गई है चढ़ावे की एक एक पाई का हिसाब पारदर्शी रखने के लिए गढ़वाल आयुक्त आनंद स्वरूप की अध्यक्षता में गठित तीन सदस्यीय समिति ने अपनी जांच पूरी कर ली है जिसके बाद करीब 300 पन्नों की विस्तृत रिपोर्ट शासन को सौंप दी गई है अब सरकार तय करेगी कि इन सिफारिशों को कब और किस तरह लागू किया जाएगा.
खास बात यह है कि रिपोर्ट में केवल गड़बड़ी के कारणों की पड़ताल नहीं की गई है, बल्कि समिति ने देश के 14 बड़े मंदिरों की व्यवस्थाओं का अध्ययन कर कई अहम सुझाव भी दिए हैं.
2 जुलाई को सामने आया था मामला
बदरीनाथ धाम में चढ़ावे की थाली में गड़बड़ी का मामला इसी वर्ष 2 जुलाई को उजागर हुआ था मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू की गई जिसमें कई लोगों की भूमिका सामने आई , 12 जुलाई को बीकेटीसी कर्मचारी और अध्यक्ष के सरकारी निजी सहायक प्रमोद नौटियाल को गिरफ्तार किया गया जिसके बाद 17 जुलाई को मंदिर के पूर्व अधिकारी राजेंद्र चौहान की गिरफ्तारी हुई ,एसआईटी ने जांच के दौरान 20 से अधिक लोगों के बयान दर्ज किए और मंदिर के अधिकारियों व कर्मचारियों से पूछताछ की
रिपोर्ट की प्रमुख सिफारिशें
जांच के बाद व्यवस्था में बदलाव के लिए समिति ने 7 सुझाव दिए हैं
1- चढ़ावे की गिनती कांच की दीवारों वाले पारदर्शी कक्ष में हो
2- पूरे कक्ष की निगरानी 360 डिग्री सीसीटीवी कैमरों से की जाए
3- गिनती करने वाले कर्मचारियों को बिना जेब वाले कपड़े पहनाए जाएं
4 – कक्ष में प्रवेश और बाहर निकलते समय सख्त तलाशी ली जाए
5- कर्मचारियों और स्वयंसेवकों की ड्यूटी, पहचान और आवाजाही का पूरा रिकॉर्ड रखा जाए
6 – नकदी, सोने-चांदी और अन्य कीमती चढ़ावे का अलग-अलग हिसाब रखा जाए
7 – चढ़ावे की रकम बैंक खाते में जमा कराने की प्रक्रिया को भी पारदर्शी बनाया जाए
14 प्रमुख मंदिरों की व्यवस्था का अध्ययन
समिति ने सिर्फ बदरीनाथ धाम की मौजूदा व्यवस्था को आधार नहीं बनाया बल्कि देश के 14 प्रमुख मंदिरों के तौर तरीकों का भी अध्ययन किया है इनमें काशी विश्वनाथ, वैष्णो देवी, अमरनाथ, स्वर्ण मंदिर, अक्षरधाम, महाकालेश्वर, जगन्नाथ पुरी और तिरुपति बालाजी जैसे बड़े मंदिर शामिल हैं इनके अलावा मीनाक्षी अम्मन, रंगनाथस्वामी, पद्मनाभस्वामी और विरुपाक्ष मंदिर की व्यवस्थाओं को भी अध्ययन में रखा गया है
तकनीकी व्यवस्था पर जोर
गढ़वाल आयुक्त आनंद स्वरूप के मुताबिक जांच में न सिर्फ गिनती में हुई गड़बड़ी, बल्कि व्यवस्था की कमियों को भी रेखांकित किया गया है बदरीनाथ धाम में कुछ व्यवस्थाओं को खासकर तकनीकी स्तर पर और बेहतर बनाने की जरूरत है बर्फबारी के दौरान कैमरों के क्षतिग्रस्त होने जैसी समस्याओं को देखते हुए निगरानी व्यवस्था को मजबूत करने और चढ़ावे की गणना पारदर्शी तरीके से कराने पर भी जोर दिया गया है
बीकेटीसी की जिम्मेदारी पर सवाल
बदरीनाथ केदारनाथ मंदिर समिति ( बीकेटीसी ) की जिम्मेदारी को लेकर भी आयुक्त ने स्पष्ट बात कही है आयुक्त के अनुसार मंदिर की व्यवस्थाओं का संचालन संबंधित एक्ट के तहत होता है जिसमें मंदिर की संपत्तियों और व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी प्रबंधन समिति को सौंपी गई है ऐसे में इस तरह की घटना का सामने आना कहीं न कहीं व्यवस्था में कमी की ओर इशारा करता है इस मामले में पुलिस पहले ही आरोपियों के खिलाफ न्यायालय में आरोपपत्र दाखिल कर चुकी है
फिलहाल 300 पन्नों की यह रिपोर्ट शासन के पास है अब देखना होगा कि सरकार इन सुझावों पर कब तक निर्णय लेती है और बदरीनाथ केदारनाथ मंदिर समिति इन्हें जमीन पर उतारने के लिए क्या कदम उठाती है.








