Search
Close this search box.

छत पर सोलर लगाने वालों पर अब लगेगा चार्ज, फ्री नहीं होगी नेट मीटरिंग

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

बिजली का बिल कम करने के लिए अगर आपने घर की छत पर सोलर पैनल लगवाया है या लगवाने की तैयारी में हैं तो आपके लिए एक जरूरी खबर है. केंद्र सरकार रूफटॉप सोलर से जुड़े नियमों में बदलाव करने की तैयारी कर रही है. नए प्रस्ताव के मुताबिक, तय क्षमता से ज्यादा सोलर पैनल लगाने वाले उपभोक्ताओं को बैटरी स्टोरेज सिस्टम भी लगाना पड़ सकता है. इसके अलावा तय सीमा से ज्यादा बिजली ग्रिड में भेजने पर नेट मीटरिंग के लिए एक्स्ट्रा चार्ज भी देना पड़ सकता है.

यानी आने वाले समय में बड़े सोलर सिस्टम लगवाने वालों का खर्च बढ़ सकता है. हालांकि, छोटे घरेलू उपभोक्ताओं को राहत मिलने की उम्मीद है. बिजली मंत्रालय ने Electricity (Rights of Consumers) Rules, 2020 में बदलाव का ड्राफ्ट जारी किया है. यहां से इसके बारे में डिटेल में समझिए.

बैटरी लगाना कब होगा जरूरी?
सरकार के प्रस्ताव के मुताबिक, SERC ये तय करेंगे कि कितनी क्षमता से ज्यादा रूफटॉप सोलर लगाने पर बैटरी स्टोरेज सिस्टम जरूरी होगा. अगर किसी राज्य का नियामक आयोग अलग से क्षमता तय नहीं करता है तो 10 kW से ज्यादा क्षमता वाले सोलर सिस्टम पर ये नियम लागू हो सकता है.

प्रस्ताव में कहा गया है कि बैटरी की क्षमता सोलर सिस्टम से एक दिन में पैदा होने वाली बिजली के कम से कम 20 फीसदी के बराबर होनी चाहिए. ये व्यवस्था 1 अप्रैल 2028 से लागू करने का प्रस्ताव है. इसका मतलब है कि दिन में सोलर पैनल से जितनी बिजली बनेगी, उसका कुछ हिस्सा बैटरी में स्टोर किया जा सकेगा. फिर शाम या रात में जब सोलर पैनल बिजली नहीं बना रहे होंगे, तब इसी जमा बिजली का इस्तेमाल किया जा सकेगा.

नेट मीटरिंग पर लगेगा चार्ज?
अभी बहुत से घरों में लगे सोलर पैनल दिन के समय जरूरत से ज्यादा बिजली बनाते हैं. ऐसी एक्स्ट्रा बिजली ग्रिड में भेज दी जाती है. रात में या जरूरत पड़ने पर उपभोक्ता ग्रिड से बिजली लेते हैं. नेट मीटरिंग के जरिए बिजली के आयात और निर्यात का हिसाब रखा जाता है और उसी आधार पर बिल तैयार होता है.

लेकिन सरकार का कहना है कि इस व्यवस्था में कुछ उपभोक्ता दिन में एक्स्ट्रा बिजली ग्रिड को देते हैं और रात में उसी ग्रिड से बिजली लेते हैं. इससे डिस्कॉम पर नेटवर्क और दूसरी लागत का बोझ पड़ता है. इसी को देखते हुए सरकार ने नेट मीटरिंग पर एक्स्ट्रा चार्ज लगाने का प्रस्ताव दिया है. राज्य बिजली नियामक आयोग अपने राज्य के हिसाब से एक क्षमता सीमा तय करेंगे. इस सीमा तक उपभोक्ताओं से कोई एक्स्ट्रा चार्ज नहीं लिया जाएगा. लेकिन इससे ज्यादा क्षमता वाले सोलर सिस्टम पर नेटवर्क लॉस और बैटरी स्टोरेज की अनुमानित लागत को ध्यान में रखते हुए चार्ज लगाया जा सकता है.

क्या छोटे घरों पर भी पड़ेगा असर?
बिजली क्षेत्र के जानकारों के मुताबिक, ज्यादातर छोटे घरेलू उपभोक्ता राज्य नियामक आयोग की तय सीमा के अंदर रह सकते हैं. ऐसे में उन्हें एक्स्ट्रा नेट मीटरिंग चार्ज से राहत मिल सकती है.

वहीं, बड़े घरों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और औद्योगिक इकाइयों में ज्यादा क्षमता वाले सोलर सिस्टम लगाने वालों को एक्स्ट्रा खर्च उठाना पड़ सकता है. उन्हें बैटरी स्टोरेज लगाने और नेट मीटरिंग चार्ज देने की जरूरत पड़ सकती है.

बिजली बिल के नियम में कैसा बदलाव? 
सरकार ने सिर्फ सोलर सिस्टम को लेकर ही बदलाव नहीं सुझाए हैं. बिजली बिल में अचानक बहुत ज्यादा या बहुत कम रकम आने पर भी उपभोक्ताओं को राहत देने का प्रस्ताव है.

ड्राफ्ट के मुताबिक, अगर किसी महीने का बिजली बिल पिछले छह बिलिंग साइकल के औसत से पांच गुना ज्यादा या औसत के पांचवें हिस्से से भी कम आता है तो डिस्कॉम को खुद इसकी जांच करनी होगी. इस गड़बड़ी को 30 दिनों के भीतर ठीक करना होगा. खास बात ये है कि जांच पूरी होने तक उपभोक्ता पिछले छह बिलों के बराबर पैसों का पेमेंट करें तो बिजली कनेक्शन नहीं कटेगा.

admin
Author: admin

और पढ़ें