पंजाब में भारतीय जनता पार्टी और शिरोमणी अकाली दल एक बार फिर से साथ आ गए हैं. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार (24 नवंबर) को इसको लेकर अहम प्रतिक्रिया दी. पीएम मोदी ने भाजपा-अकाली दल के गठबंधन पर कहा कि पंजाब और पंजाबियों का कल्याण सबसे ऊपर है. उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी और लालकृष्ण आडवाणी का भी जिक्र किया.
प्रधानमंत्री मोदी ने गठबंधन पर एक्स पोस्ट के जरिए कहा, ‘पंजाब और पंजाबियों का कल्याण सबसे ऊपर है. मुझे बहुत खुशी है कि शिरोमणि अकाली दल की NDA परिवार में वापसी हो हुई है और वह भी श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के पावन अवसर पर. हमारा गठबंधन एक स्वाभाविक गठबंधन है, जो यह सुनिश्चित करेगा कि पंजाब को जन-हितैषी शासन मिले, जो राज्य को विकास की नई ऊंचाइयों तक लेकर जाए.’
उन्होंने कहा, ‘अटल जी, आडवाणी जी और सरदार प्रकाश सिंह बादल जी द्वारा सींचा गया अकाली दल-BJP गठबंधन समय की कसौटी पर खरा उतरा है. मुझे पूरा विश्वास है कि हमारा गठबंधन पंजाब के लोगों की पहली पसंद बनकर उभरेगा.’
गठबंधन को लेकर क्या बोलीं दोनों पार्टियां
भाजपा और शिरोमणि अकाली दल ने आगामी पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए मंगलवार को दिल्ली में गठबंधन की घोषणा की और इसे ‘राष्ट्रीय और भावनात्मक’ गठबंधन बताया.
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि दोनों दल पंजाब की सभी 117 विधानसभा सीट पर चुनाव लड़ेंगे और मुख्यमंत्री का पद शिरोमणि अकाली दल को मिलेगा. अहम बात यह भी है कि दोनों पार्टियों के बीच लंबे वक्त से दूरी चल रही थी, जो कि गठबंधन से खत्म हो गई है.








