युजवेन्द्र चहल से जुड़ी वह घटना बार-बार चर्चा में आती रहती है, जब IPL 2013 के दौरान एक ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी ने उन्हें छत से लटका दिया था. चहल आईपीएल इतिहास के सबसे सफल गेंदबाज हैं, जिन्होंने 188 मैचों में 233 विकेट चटकाए हैं. जब 2013 में छत से लटकाने वाली घटना घटी, तब चहल मुंबई इंडियंस टीम का हिस्सा था.
बहुत समय से दावा किया जाता रहा है कि चहल को 15वें फ्लोर से लटकाने वाले ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी का नाम एंड्रयू साइमंड्स है. कई बार जेम्स फ्रैंकलिन का भी नाम सामने आया है. मगर अब पूर्व क्रिकेटर आकाश चोपड़ा के पॉडकास्ट पर चहल ने इस घटना पर खुलकर बात की है.
याद दिला दें कि चहल ने पहली बार साल 2022 में इस घटना को उजागर किया था. उनका कहना था कि शराब के नशे में धुत एक क्रिकेटर ने उन्हें होटल के 15वें फ्लोर की बालकनी से लटका दिया था. भारतीय लेग स्पिनर ने खुद बताया कि वह उनके लिए भयावह अनुभव था.
किसने लटकाया?
आकाश चोपड़ा द्वारा होस्ट पॉडकास्ट पर चहल ने बताया, “बेंगलुरू में RCB ने एक पार्टी रखी थी. मैं उस समय मुंबई इंडियंस के लिए खेल रहा था. मैं भी वहां गया था और देखा कि एक खिलाड़ी बहुत बुरी तरह नशे में धुत था. उसकी फिजिक बढ़िया थी और वह ताकतवर भी था. वह ऑस्ट्रेलिया से था, लेकिन एंड्रयू साइमंड्स या जेम्स फ्रैंलिन में से कोई भी नहीं था. वह कोई और व्यक्ति था.”
चहल ने उस खिलाड़ी का नाम उजागर नहीं किया, लेकिन उन अटकलों पर जरूर विराम लगा दिया जिनमें दावा किया जाता रहा कि उन्हें लटकाने वाले खिलाड़ी साइमंड्स थे. चहल ने आगे कहा, “उसने मुझे बुलाया और हवा में लटका दिया. पहली बार मुझे लगा वह मजाक कर रहा है, लेकिन उसने मुझे बालकनी से लटका दिया और मैंने किसी तरह उसकी गर्दन पकड़ी हुई थी.”
मैं डरा हुआ था…
युजवेन्द्र चहल ने खुलासा किया कि वह दर गए थे और यह घटना देख कमरे में मौजूद सभी लोग हैरान रह गए थे. चहल ने खुलासा किया कि बाकी सब लोग जल्दी से आगे आए और उन्हें ऊपर खींच लिया. चहल ने कहा, “वह खिलाड़ी हंस रहा था, लेकिन मेरे लिए तो जैसे वह दूसरा जन्म मिलने के समान था.”
भारतीय क्रिकेटर ने कहा कि वह उस समय युवा थे और नहीं जानते थे कि ऑफिशियल तौर पर शिकायत कैसे दर्ज करवाई जाती है. इसलिए उन्होंने उस किस्से को जाने दिया और आगे बढ़ गए.








