Search
Close this search box.

अमेरिका में विमान हाईजैक करने की कोशिश! सैन डिएगो से शिकागो जा रही फ्लाइट की फीनिक्स में इमरजेंसी लैंडिंग

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

अमेरिका में बुधवार को एक विमान में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक यात्री ने कथित तौर पर विमान को हाईजैक करने की कोशिश की. सैन डिएगो से शिकागो जा रही अमेरिकन एयरलाइंस की फ्लाइट को रास्ते में ही डायवर्ट करना पड़ा. इसके बाद विमान की फीनिक्स स्काई हार्बर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई. इस दौरान विमान के क्रू मेंबर्स और यात्रियों ने मिलकर संदिग्ध व्यक्ति को काबू में किया. राहत की बात यह रही कि विमान सुरक्षित उतर गया और सभी यात्री सुरक्षित रहे.

यात्री ने विमान के अगले हिस्से में जाने की कोशिश की

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अमेरिकन एयरलाइंस की फ्लाइट 1494 सैन डिएगो से शिकागो के लिए रवाना हुई थी. उड़ान के दौरान एक यात्री अचानक अपनी सीट से उठा और विमान के अगले हिस्से की तरफ बढ़ने लगा. क्रू मेंबर्स ने उसे कई बार अपनी सीट पर वापस जाने के लिए कहा, लेकिन उसने निर्देशों का पालन नहीं किया. आरोप है कि इसके बाद उसने विमान के एग्जिट डोर के साथ छेड़छाड़ करने की कोशिश की. स्थिति बिगड़ती देख विमान को फीनिक्स की ओर मोड़ने का फैसला लिया गया.

रात करीब 1 बजे कराई गई इमरजेंसी लैंडिंग

फीनिक्स पुलिस के अनुसार, स्थानीय समय के मुताबिक रात करीब एक बजे विमान को सुरक्षित तरीके से फीनिक्स एयरपोर्ट पर उतारा गया. लैंडिंग से पहले ही फ्लाइट क्रू और कुछ यात्रियों ने मिलकर उस व्यक्ति को काबू में कर लिया था. घटना के दौरान विमान में मौजूद यात्रियों के बीच डर का माहौल बन गया था. हालांकि, क्रू मेंबर्स और अन्य यात्रियों की सूझबूझ से स्थिति को संभाल लिया गया.

यात्री ने सोशल मीडिया पर साझा किया अनुभव

विमान में मौजूद यात्री शॉन बेनेट ने सोशल मीडिया पर इस घटना के बारे में जानकारी साझा की. उन्होंने बताया कि उनकी फ्लाइट में एक व्यक्ति ने विमान पर कब्जा करने की कोशिश की थी. हालांकि, कुछ यात्रियों ने आगे आकर उसे रोक दिया. बेनेट ने अपने पोस्ट में बताया कि सैन डिएगो से शिकागो जा रही उनकी पहली अमेरिकन एयरलाइंस फ्लाइट AA1494 को फीनिक्स में इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी. उन्होंने यात्रियों की मदद और सूझबूझ की तारीफ करते हुए कहा कि सभी लोग सुरक्षित हैं. उनके साझा किए गए वीडियो में संदिग्ध व्यक्ति को फ्लाइट अटेंडेंट और अन्य यात्रियों के साथ संघर्ष करते देखा जा सकता है. वीडियो में कुछ लोग उसे काबू में रखने की कोशिश करते नजर आ रहे हैं.

FAA ने शुरू की मामले की जांच

इस पूरी घटना के बाद अमेरिकी फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) ने जांच शुरू कर दी है. जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि यात्री ने ऐसा क्यों किया और विमान में हुई इस घटना की पूरी परिस्थितियां क्या थीं.

पिछले हफ्ते भी अमेरिकन एयरलाइंस की फ्लाइट की हुई थी इमरजेंसी लैंडिंग

अमेरिकन एयरलाइंस के विमान से जुड़ी यह घटना ऐसे समय सामने आई है, जब पिछले हफ्ते भी कंपनी की एक फ्लाइट को इमरजेंसी में एयरपोर्ट लौटना पड़ा था. फीनिक्स स्काई हार्बर एयरपोर्ट से उड़ान भरने के कुछ देर बाद एयरबस A319 विमान के पायलटों ने मेडे कॉल जारी किया था. इस विमान में करीब 120 यात्री सवार थे. एयर ट्रैफिक कंट्रोल को पीछे उड़ रहे स्काईवेस्ट के विमान के क्रू ने सूचना दी थी कि अमेरिकन एयरलाइंस के विमान के एक इंजन से आग की लपटें दिखाई दे रही हैं. साथ ही फ्लूइड लीक होने की आशंका भी जताई गई थी. हालांकि, अमेरिकन एयरलाइंस ने विमान में तकनीकी खराबी की पुष्टि की, लेकिन कहा कि आग लगने का कोई सबूत नहीं मिला. फ्लाइट 3230 सुरक्षित एयरपोर्ट लौट आई थी. इसके बाद विमान को जांच के लिए सेवा से हटा दिया गया और यात्रियों को उसी शाम पोर्टलैंड जाने वाली दूसरी फ्लाइट से रवाना किया गया.

admin
Author: admin

और पढ़ें