उत्तर प्रदेश की पूर्व आईएएस अधिकारी दिव्या मित्तल मिर्जापुर जिले की सदर सीट से विधानसभा चुनाव लड़ेंगी। डेढ़ महीना पहले IAS से इस्तीफा देने वाली दिव्या मित्तल ने राजनीति में आने का ऐलान किया था, इसके लिए उन्होंने एक नंबर जारी कर लोगों से सुझाव मांगा था। अब दिव्या ने नई पार्टी बनाकर चुनाव लड़ने का ऐलान किया है।
दिव्या मित्तल ने कहा है कि वे यूपी के चुनाव में उतरेंगी और जननीति भारत पार्टी से भी चुनाव लड़वाएंगी। दिव्या ने बताया कि उनकी पार्टी के तीन वचन होंगे और वे इसी आधार पर जनता के हितों के लिए काम करेंगी। जिसमें जनता की अपनी नीतियां तय करेंगी। दिव्या ने बताया कि राजनीति में आने के ऐलान के बाद जो नंबर उन्होंने लोगों के लिए जारी किया था, उसमें लोगों का जबरदस्त रिस्पांस आया है।
वीडियो जारी कर किया ऐलान
दिव्या मित्तल ने एक वीडियो जारी कर कहा कि ‘जब मैनें राजनीति में आने की बात की थी, तो एक नंबर जारी किया था। उस पर आप लोगों ने बहुत मैसेज किए हैं। दिव्या ने कहा कि मैं एक नई पार्टी बना रही हूं’। उन्होंने कहा कि इस पार्टी को बनाकर सबकी सुनवाई होगी। उन्होंने कहा कि पार्टी का नाम होगा जननीति भारत। जिसमें हर व्यक्ति को जोड़ा जाएगा।
उन्होंने कहा कि जननीति में राज आपका होगा। उन्होंने ऐलान किया कि पार्टी यूपी में चुनाव लड़ेगी। उन्होंने अपनी पार्टी के तीन वचन गिनाए। पहला वचन लोग तय करेंगे नीतियां। उन्होंने कहा कि नीति वहीं जहां न्याय हो। न्याय वहां जहां सुनवाई सबकी हो। उन्होंने कहा कि दूसरा वचन होगा कि हर फैसला पहचान देखकर नहीं होगा। तीसरा वचन होगा हर काम का हिसाब जनता लेगी।
दिव्या ने कहा कि जननीति भारत के विधायक जनता के द्वार पर जाकर काम करेगी। कहा कि राजनीति नहीं हमें जननीति करनी है। दिव्या ने लोगों से उनके साथ जुड़ने और दूसरे लोगों को भी जोड़ने की अपील की है।








