बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के साहेबगंज बाजार में अतिक्रमण हटाने पहुंची प्रशासनिक टीम पर स्थानीय लोगों ने पथराव कर दिया. अचानक हुए इस हमले से मौके पर अफरातफरी मच गई. उपद्रवियों ने छतों से ईंट और पत्थर फेंके, जिससे बुलडोजर का शीशा और हेडलाइट टूट गई. इस दौरान बुलडोजर चालक बाल-बाल बचा, जबकि करीब आधा दर्जन राहगीर चोटिल हो गए. हालात बिगड़ने पर प्रशासनिक टीम को अपनी जान बचाकर वहां से भागना पड़ा.
दुकानदारों को पहले दिया गया था नोटिस
दरअसल, साहेबगंज नगर परिषद और जिला प्रशासन की ओर से बाजार में अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया जा रहा था. प्रशासन ने करीब एक सप्ताह पहले ही दुकानदारों को नोटिस देकर सड़क और सार्वजनिक जगहों से अवैध कब्जा हटाने का निर्देश दिया था. दुकानदारों को गुरुवार (26 नवंबर) तक खुद अतिक्रमण हटाने का समय दिया गया था. इसके बावजूद कुछ लोगों ने कब्जा नहीं हटाया. इसके बाद शुक्रवार (27 नवंबर) को प्रशासनिक टीम बुलडोजर लेकर कार्रवाई करने पहुंची.
केशव चौक पर छतों से बरसाए गए ईंट-पत्थर
प्रशासनिक टीम ने नवल किशोर चौक से अतिक्रमण हटाने का काम शुरू किया. टीम ब्रजनंदन चौक, बस स्टैंड, गांधी चौक, गोला रोड, अस्पताल रोड और ब्लॉक गेट होते हुए केशव चौक पहुंची. इसी दौरान विपणन केंद्र की छत से अचानक टीम पर ईंट-पत्थर फेंके जाने लगे. पथराव में बुलडोजर का शीशा और हेडलाइट टूट गई. नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी मोहम्मद फिरोज भी बाल-बाल बच गए. अचानक हुए हमले से बाजार में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई और प्रशासनिक कर्मचारियों को वहां से हटना पड़ा.
भारी पुलिस बल की मौजूदगी में दोबारा शुरू हुई कार्रवाई
घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे. पुलिस को देखते ही पथराव करने वाले लोग वहां से फरार हो गए. इसके बाद पुलिस की मौजूदगी में अतिक्रमण हटाने का अभियान दोबारा शुरू किया गया. प्रशासन ने ब्रजनंदन चौक, गांधी चौक, इंद्रदेव चौक और ब्लॉक गेट समेत कई इलाकों से अवैध कब्जे हटाए. इस दौरान दुकानों के टीन शेड, होटलों के अवैध निर्माण और फुटपाथ पर लगी दुकानों को हटाया गया. केशव चौक और बाया नदी पुल के पास फल बेचने वालों की गुमटियां भी तोड़ी गईं.
पथराव करने वालों की पहचान में जुटी पुलिस
नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी मोहम्मद फिरोज ने बताया कि पथराव में JCB को नुकसान पहुंचा है. उन्होंने उपद्रवियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए साहेबगंज थाने में FIR दर्ज कराने का आवेदन दिया है. पुलिस सीसीटीवी फुटेज की मदद से पथराव करने वालों की पहचान कर रही है. इस बीच सोशल मीडिया पर एक युवक की तस्वीर वायरल हो रही है, जिसमें उसे कथित तौर पर ईंट फेंकते देखा जा रहा है. हालांकि, इस तस्वीर की अभी पुष्टि नहीं हुई है. पुलिस का कहना है कि आवेदन के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.








