कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रवक्ता आशुतोष रांका ने परिसीमन बिल को लेकर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर निशाना साधा है. उन्होंने एक्स पर पोस्ट कर लिखा कि अगर परिसीमन विधेयक पास हो जाता है तो ज्ञानेश कुमार पूरे भारत की चुनावी सीमाओं को फिर से तय करेंगे. क्या कोई निष्पक्ष परिसीमन की बात करेगा?
CJP लगातार चुनाव आयुक्त के खिलाफ वोट चोरी को लेकर निशाना साधता रहा है. इस वजह से CJP मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की इस्तीफे की मांग कर रही है. अब परिसीमन बिल को लेकर चुनाव आयुक्त को घेरने की कोशिश कर रही है. CJP आरोप लगाया है कि SIR के दौरान 30 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में मसौदा मतदाता सूची से 13 करोड़ से अधिक नाम बाहर कर दिए गए थे.
परिसीमन को लेकर छिड़ गई बहस
लोकसभा के प्रस्तावित विस्तार और निर्वाचन क्षेत्रों के परिसीमन ने राज्यों के प्रतिनिधित्व को लेकर एक व्यापक बहस छेड़ दी है. एक तरफ उत्तर-दक्षिण के बीच की खाई और चौड़ी होने की आशंका जताई जा रही है, वहीं दूसरी तरफ यह तर्क दिया जा रहा है कि अधिक सीट का मतलब छोटे निर्वाचन क्षेत्र होंगे, जिससे सांसदों तक आम जनता की पहुंच और अधिक आसान हो जाएगी. जहां एक ओर सरकार ने लोकसभा की सदस्य संख्या बढ़ाने और 2029 में महिला आरक्षण लागू करने का मार्ग प्रशस्त करने के पक्ष में तर्क दिया है, वहीं इसके आलोचकों ने इस व्यापक विस्तार की आवश्यकता पर सवाल उठाए हैं.
लोकसभा का विस्तार क्यों?
राज्यों के बीच लोकसभा सीट का मौजूदा आवंटन मोटे तौर पर 1971 की जनगणना पर आधारित है, जब भारत की आबादी लगभग 55 करोड़ थी. तब से देश की जनसंख्या लगभग तीन गुनी हो चुकी है, लेकिन लोकसभा की सदस्य संख्या में इसके अनुरूप कोई वृद्धि नहीं हुई है. मई 2026 में कार्नेगी एंडोमेंट फॉर इंटरनेशनल पीस की तरफ से प्रकाशित एक शोधपत्र के अनुसार, लोकसभा के सांसद दुनिया के किसी भी अन्य देश की विधायिका के निचले सदन के अपने समकक्षों की तुलना में औसतन कहीं अधिक लोगों का प्रतिनिधित्व करते हैं.
एक औसत लोकसभा क्षेत्र की जनसंख्या लगभग 27 लाख है. लोकसभा के आकार में लगभग 50 प्रतिशत के विस्तार से यह आंकड़ा घटकर लगभग 18 लाख रह जाएगा. शोधपत्र में कहा गया है कि इस तरह के विस्तार के बाद भी भारत में एक औसत संसदीय क्षेत्र की जनसंख्या अमेरिका के एक कांग्रेसनल डिस्ट्रिक्ट (संसदीय क्षेत्र) की आबादी से दोगुनी से भी अधिक होगी.








