बहुजन समाज पार्टी (बसपा) प्रमुख मायावती ने लोकसभा और राज्यों की विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने के केंद्र सरकार के फैसले का स्वागत किया है. हालांकि, उन्होंने अनुसूचित जाति (SC) और अनुसूचित जनजाति (ST) की महिलाओं के लिए अलग से आरक्षण की व्यवस्था करने की मांग उठाई है.
मायावती ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि बसपा शुरू से ही महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और राजनीति में उन्हें उचित अवसर दिए जाने की प्रबल पक्षधर रही है. पार्टी लगातार लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण जल्द लागू करने की मांग करती रही है. उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के इस फैसले का बसपा स्वागत करती है.
बसपा प्रमुख ने कहा कि यह और भी अच्छा तथा ऐतिहासिक होता, अगर सदियों से शोषित, पीड़ित और उपेक्षित रही खासकर एससी और एसटी समाज की महिलाओं के लिए इसी व्यवस्था में अलग से आरक्षण का प्रावधान किया जाता. इससे इन वर्गों की महिलाओं को चुनावी राजनीति में उचित भागीदारी और आगे बढ़ने का अवसर मिलता. उन्होंने केंद्र सरकार से इस मांग पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करने की अपील करते हुए इसे उचित और न्यायपूर्ण बताया.
परिसीमन को लेकर राजनीतिक स्वार्थ का आरोप
मायावती ने लोकसभा और सभी राज्यों की विधानसभाओं में मौजूदा सीटों की संख्या में 50 प्रतिशत वृद्धि से जुड़े तीन विधेयकों और परिसीमन प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि परिसीमन के दौरान सीटों की सीमा तय करने में गड़बड़ी कर राजनीतिक और चुनावी स्वार्थ साधने के आरोप कोई नई बात नहीं हैं. उन्होंने कहा कि केंद्र की सत्ता में रहने वाली पार्टियां अक्सर देश और जनहित के बजाय अपने पार्टी हित और स्वार्थ को ज्यादा महत्व देती हैं.
मायावती की अच्छे उम्मीदवारों को चुनने की अपील
मायावती ने देश के लोगों से अपील की कि वे धर्म, जाति और क्षेत्रीयता से ऊपर उठकर अच्छे उम्मीदवारों को चुनने का संकल्प लें. उन्होंने कहा कि जनता को लुभावने वादों, दावों और घोषणाओं के छलावे में नहीं आना चाहिए. उन्होंने कहा कि अच्छे लोगों को चुनना ही देश के लोकतंत्र और संविधान की सुरक्षा एवं सम्मान की असली गारंटी है. बसपा इसके लिए तत्पर है.








