बिहार में आज मौसम का मिजाज बदला हुआ नजर आएगा. प्रदेश के कई हिस्सों में बादलों की आवाजाही के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना मौसम विभाग ने जताई है. कई इलाकों में मौसम सुहावना होने के साथ लोगों को गर्मी से राहत मिल सकती है.
मौसम विज्ञान केंद्र, पटना ने आज कैमूर के भभुआ, गया, जमुई और नवादा में भारी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है. इन जिलों में तेज बारिश के साथ मौसम में अचानक बदलाव देखने को मिल सकता है.
मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम, दक्षिण-मध्य और दक्षिण-पूर्व बिहार समेत कई इलाकों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. बारिश के दौरान लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.
मानसून ट्रफ और कम दबाव के क्षेत्र के प्रभाव से राज्य में बारिश की गतिविधियां आगे भी जारी रहने की संभावना है. मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले दिनों में बिहार के कई हिस्सों में बादल छाए रहने के साथ बारिश का दौर देखने को मिल सकता है.






