फेडरल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन (FBI) ने मोस्ट वांटेड भारतीय मूल के गैंगस्टर नीतीश कौशल उर्फ लाला को वर्मोंट से गिरफ्तार कर लिया है. नीतीश कौशल भारत के कुख्यात जग्गू भगवानपुरिया गैंग का बेहद एक्टिव और खतरनाक सदस्य है. चौंकाने वाली बात यह है कि FBI ने इस गैंगस्टर को अपनी वांटेड लिस्ट में डालने के महज दो दिनों के भीतर ही दबोच लिया. अमेरिकी जांच एजेंसी इसे देश की सुरक्षा और विदेशी सिंडिकेट के खात्मे के लिए बड़ी कामयाबी मान रही है.
जग्गू भगवानपुरिया गैंग का यह शातिर बदमाश नीतीश कौशल उर्फ लाला अमेरिका के कैलिफोर्निया और पंजाब से मिलकर अपना खूनी रैकेट चला रहा था. FBI के मुताबिक, नीतीश अमेरिका में किडनैपिंग, जानलेवा हमले और डराने-धमकाने जैसी गंभीर वारदातों को अंजाम देने का आरोपी है. वह पंजाब से ऑपरेट होने वाले इस गैंग के इशारे पर अमेरिका के भीतर दहशत फैलाता था. उसके खिलाफ कैलिफोर्निया की कोर्ट ने 25 जून को रिको एक्ट के तहत वारंट जारी किया था.
वर्मोंट में ऐसे खत्म हुई ‘लाला’ की हेकड़ी
नीतीश की गिरफ्तारी अमेरिका के वर्मोंट राज्य से हुई है. FBI इस समय भारतीय मूल के अपराधियों और उनके इंटरनेशनल गैंग्स के खिलाफ ‘ऑपरेशन हार्ड बॉल’ चला रही है. इसी ऑपरेशन के तहत नीतीश को मोस्ट वांटेड घोषित किया गया था. उसकी गिरफ्तारी के बाद FBI अब अन्य भगोड़ों का पता लगाने के लिए उससे कड़ी पूछताछ कर रही है. एजेंसी को उम्मीद है कि नीतीश से पूछताछ के बाद अमेरिका में छिपे पंजाब के कई और बड़े चेहरों का पर्दाफाश हो जाएगा.
गोल्डी बराड़ पर भी घोषित है बड़ा इनाम
सिर्फ नीतीश ही नहीं, इस पूरे सिंडिकेट का सबसे बड़ा सरगना सतिंदरजीत सिंह उर्फ गोल्डी बराड़ भी अब FBI की सीधे निशाने पर आ चुका है. लॉरेंस बिश्नोई गैंग के इस सबसे बड़े मोहरे को भी ‘वांटेड’ सूची में रखा गया है. गोल्डी बराड़ पर अमेरिका और कनाडा में मर्डर, रंगदारी, ड्रग्स और हथियारों की तस्करी के कई बड़े आरोप हैं. FBI ने गोल्डी बराड़ का पता बताने या उसे गिरफ्तार करवाने वाले के लिए 50,000 डॉलर (करीब 48 लाख भारतीय रुपये) के भारी-भरकम इनाम की घोषणा की है.
37 गैंगस्टरों पर शिकंजा, थरथराया माफिया
अमेरिकी खुफिया एजेंसियों ने भारत के इन खूंखार गैंगस्टरों की कमर तोड़ने की पूरी तैयारी कर ली है. जेल में बंद लॉरेंस बिश्नोई, उसके खास गुर्गे गोल्डी बराड़, रोहित गोदारा, रविंदर सिंह और जग्गू भगवानपुरिया सहित कुल 37 लोगों के खिलाफ अमेरिका की अदालतों में तीन बड़ी चार्जशीट दाखिल की गई हैं. इन अपराधियों पर राजनेताओं की हत्या, जबरन वसूली और इंसानों की तस्करी जैसे संगीन आरोप हैं.








