आंध्र प्रदेश की सत्तारूढ़ तेलुगु देशम पार्टी (TDP) ने बड़ा फैसला किया है. चंद्रबाबू नायडू की पार्टी ने राज्य में होने वाले सभी आगामी चुनावों में महिलाओं को 33 फीसदी सीटों पर आरक्षण देने का संकल्प किया है.
महिलाओं को टिकट बंटवारे में 33 फीसदी आरक्षण के प्रस्ताव को टीडीपी के कार्यकारी अध्यक्ष नारा लोकेश ने महानाडु में पेश किया. लोकेश ने कहा कि विपक्षी दलों ने संसद सत्रों के दौरान महिला आरक्षण विधेयक का विरोध किया था, लेकिन तेलुगु देशम पार्टी ने विधेयक के बावजूद महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण प्रदान करने का ऐतिहासिक निर्णय लिया है.
नारा लोकेश ने ऐलान किया कि 2029 के लोकसभा और विधानसभा चुनावों में टीडीपी 33 फीसदी सीटों पर महिलाओं को आरक्षण देगी. उन्होंने कहा कि भले ही महिला आरक्षण बिल देश में लागू हो या नहीं.
टीडीपी के महानाडु कॉन्क्लेव में ऐतिहासिक प्रस्ताव पेश करते हुए लोकेश ने कहा कि यह वादा सिर्फ एक नारा नहीं है, बल्कि भारत के भविष्य के लिए एक जिम्मेदारी और वादा है. उन्होंने कहा, ‘हमें और ज्यादा महिला विधायक-सांसद, ज्यादा महिला लीडर और ज्यादा महिला पॉलिसी मेकर्स की जरूरत है. महिलाएं TDP के भविष्य को लीड करने में कंधे से कंधा मिलाकर चलेंगी. यह हमारा संकल्प, हमारी ज़िम्मेदारी और हमारा कमिटमेंट है.’
नारा लोकेशन ने विपक्षी पार्टियों पर पार्लियामेंट में महिला रिजर्वेशन बिल में रुकावट डालने और महिला सशक्तिकरण को सच में सपोर्ट न करने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि कई पार्टियां चुनाव के समय सशक्तिकरण की बात करती हैं, लेकिन सत्ता में आने के बाद महिलाओं को भूल जाती हैं, जबकि TDP ने हमेशा सिद्धांत और व्यवहार दोनों में महिला एम्पावरमेंट पर भरोसा किया है.’
उन्होंने कहा कि भारतीय राजनीति का अगला दौर महिला लीडरशिप का होना चाहिए. उन्होंने कहा कि NDA सरकार ने महिला आरक्षण बिल लाकर एक ऐतिहासिक कदम उठाया है. टीडीपी नेता ने कहा कि महिलाओं को सिर्फ वेलफेयर स्कीम का फायदा उठाने वाला नहीं रहना चाहिए, बल्कि उन्हें गवर्नेंस और पॉलिटिक्स में फ़ैसले लेने वाले के तौर पर उभरना चाहिए.
TDP के फाउंडर एनटी रामा राव और मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू को महिला सशक्तिकरण में आगे रहने वाले बताते हुए, लोकेश ने याद दिलाया कि NTR ने महिलाओं के लिए प्रॉपर्टी के बराबर अधिकार, लोकल बॉडीज़ में रिज़र्वेशन शुरू किया था और महिलाओं के लिए पद्मावती यूनिवर्सिटी बनाई थी. उन्होंने कहा कि नायडू ने बाद में शिक्षा और रोज़गार में 33% रिजर्वेशन, DWCRA ग्रुप्स और दीपम स्कीम जैसी वेलफेयर पहलों के ज़रिए महिला सशक्तिकरण को बढ़ाया.
2024 में आंध्र प्रदेश में NDA गठबंधन की चुनावी जीत का क्रेडिट लेते हुए लोकेश ने कहा कि TDP के नेतृत्व वाले गठबंधन ने 164 सीटें जीतकर रिकॉर्ड 94% स्ट्राइक रेट हासिल किया. उन्होंने दावा किया कि सरकार पैसे की तंगी के बावजूद बड़े वेलफेयर प्रोग्राम लागू कर रही है, जिसमें बढ़ी हुई पेंशन, फ्री गैस सिलेंडर, टीचर भर्ती, जॉब कैलेंडर और किसानों, मछुआरों और बुनकरों के लिए सपोर्ट स्कीम शामिल हैं.








