ईपीएफओ बोर्ड ने पीएफ वालों के लिए एक और बड़ी राहत दे दी है. अब पीएफ खाते में कम से कम 25% पैसा रखना जरूरी नहीं होगा, बल्कि सिर्फ 10% पैसा रखना होगा. यानी पहले अगर आपके खाते में 10 लाख रुपये थे तो 2.5 लाख रुपये छू नहीं सकते थे, अब सिर्फ 1 लाख रुपये ही रखना होगा और बाकी 9 लाख रुपये जरूरत पड़ने पर निकाल सकेंगे.
इसके साथ ही रिटायरमेंट के बाद पैसा एक साथ निकालने की जगह धीरे-धीरे किस्तों में निकालने वाला सिस्टमैटिक विड्रॉल प्लान भी मंजूर हो गया है. इससे जरूरत के समय ज्यादा पैसा हाथ में आएगा और बाकी पैसा खाते में रहकर ब्याज भी कमाता रहेगा.
90% सेविंग्स निकलेगी
कर्मचारी भविष्य निधि संगठन की हुई बैठक के बाद अब कर्मचारी अपनी सेविंग्स का 90 प्रतिशत हिस्सा निकाल सकेंगे. अब किसी भी जरूरत के समय आपको सोचने की जरूरत नहीं है कि पैसे का इंतजाम कैसे होगा. बल्कि आप किसी भी जरूरत के समय नियमों और शर्तों के साथ अपने पीएफ बैलेंस का 90 प्रतिशत निकाल सकते हैं. जबकि 10 प्रतिशत पीएफ खाते में ही जमा रहने वाला है.
पेंशन को लेकर भी हुआ फैसला
कर्मचारी भविष्य निधि संगठन की इस बैठक में पेंशन को लेकर भी अहम फैसला किया गया है. कई संगठनों की मांग थी कि मिनिमम पेंशन को बढ़ाकर 7500 रुपये कर दिया जाए. फिलहाल EPS के तहत न्यूनतम मासिक पेंशन 1,000 रुपये मिलती है. इसे बढ़ाकर 3,000 रुपये करने की संभावना थी. जिसके बारे में इस बैठक में फैसला किया गया है.
वेज सीलिंग पर भी हुआ था फैसला
बता दें कि इसी साल 16 सितंबर को हई बैठक में ईपीएफओ की वेज सीलिंग को हर महीने 15000 रुपये बढ़ाकर 25000 रुपये कर दिया गया था. जिससे 50 लाख से एक करोड़ नए लाभार्थियों को फायदा हो सकता है, क्योंकि इससे और ज्यादा कर्मचारी अनिवार्य सामाजिक सुरक्षा दायरे में आ जाएंगे.








