सोना गुरुवार को शुरुआती कारोबार में कमजोर बना हुआ है. यह अब फिसलकर 1.30 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम के नीचे पहुंच गया है. मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर सुबह 10:35 पर सोने का 4 दिसंबर, 2026 का कॉन्ट्रैक्ट 690 रुपए या 0.53 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 1,29,124 रुपए प्रति 10 ग्राम पर था.
1.30 लाख से नीचे फिसला सोना
अब तक के कारोबार में सोने ने 1,28,310 रुपए प्रति 10 ग्राम का न्यूनतम स्तर और 1,29,550 रुपए प्रति 10 ग्राम का उच्चतम स्तर छुआ है. सोने की अपेक्षा चांदी में सपाट कारोबार हो रहा है. खबर लिखे जाने तक चांदी का 4 दिसंबर, 2026 का कॉन्ट्रैक्ट 12 रुपए की मामूली तेजी के साथ 1,60,746 रुपए प्रति किलो पर थी. अब तक के कारोबार में इसने 1,59,321 रुपए प्रति किलो का न्यूनतम स्तर और 1,61,345 रुपए प्रति किलो का उच्चतम स्तर छुआ है.
चांदी की कीमतों में आज दिखी मामूली तेजी
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सोने में कमजोरी और चांदी में तेजी देखने को मिल रही है. कॉमेक्स पर सोना 0.24 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 3,730 डॉलर प्रति औंस और चांदी 0.37 प्रतिशत की तेजी के साथ 45.22 डॉलर प्रति औंस पर था. जानकारों ने कहा कि सोने की कीमतों में गिरावट जारी रही. फेडरल रिजर्व के सख्त रुख वाले बयानों से मौद्रिक नीति और सख्त होने की उम्मीदें बढ़ गई हैं, जिसके चलते सोने की कीमत 14 महीने के निचले स्तर के करीब पहुंच गई है.
क्यों आई सोने-चांदी की कीमतों में गिरावट?
उन्होंने आगे कहा कि फेड अधिकारियों के सख्त बयानों ने ब्याज दरों में और बढ़ोतरी की उम्मीदों को मजबूत किया है. वहीं, ट्रेजरी यील्ड में उछाल और डॉलर के मजबूत होने से सोने-चांदी पर दबाव बना हुआ है, क्योंकि इससे ऐसी संपत्तियों को अपने पास रखने की ‘अपॉर्चुनिटी कॉस्ट’ बढ़ जाती है, जिनसे कोई रिटर्न नहीं मिलता. अमेरिकी मुद्रा की मजबूती दर्शाने वाला डॉलर इंडेक्स 103.85 पर पहुंच गया है, जो कि मार्च 2025 के बाद अब तक का सबसे उच्चतम स्तर है.








