बंगाल की खाड़ी में उठे गंभीर चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ को लेकर ओडिशा और आसपास के तटीय इलाकों में सतर्कता बढ़ा दी गई है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) के पूर्वानुमान के मुताबिक, ये चक्रवाती तूफान उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है. इसके 20 नवंबर को उत्तरी आंध्र प्रदेश और दक्षिणी ओडिशा के तट के बीच नरसापुर से पुरी के आसपास टकराने की आशंका है.
90-100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगे हवाएं
इसके साथ ही मौसम विभाग ने चक्रवाती तूफान अकवान के दौरान 90 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है. तेज झोंकों के दौरान हवा की गति 110 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. संभावित खतरे को देखते हुए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं. बता दें कि एक महीने के भीतर ये तीसरा चक्रवाती तूफान है जो बंगाल की खाड़ी से उठा है. इससे पहले बंगाल की खाड़ी से चक्रवार अर्नब और मुरासू ने भी जमकर कहर बरपाया था.
रेलवे ने बदला तीन ट्रेनों का शेड्यूल
बंगाल की खाड़ी से उठे चक्रवात अकवान का असर यात्रा पर भी पड़ने की आशंका है. जिसके चलते रेलवे ने भी कई ट्रेनों के शेड्यूल में बदलाव किया है. चक्रवात के असर को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने यात्रियों की सुरक्षा के मद्देनजर तीन ट्रेनों के प्रस्थान समय में बदलाव किया है. इन ट्रेनों में चार्लापल्ली-शालीमार ईस्ट कोस्ट एक्सप्रेस, सिकंदराबाद-हावड़ा फलकनुमा एक्सप्रेस और SMVT बेंगलुरु-मुजफ्फरपुर एक्सप्रेस शामिल हैं. रेलवे ने ट्रेन संख्या 18046- चार्लापल्ली-शालीमार ईस्ट कोस्ट एक्सप्रेस आज यानी 19 नवंबर की सुबह 8:40 बजे रवाना होनी थी, लेकिन अब ये ट्रेन गुरुवार दोपहर 3:40 बजे रवाना होगी.
जबकि ट्रेन संख्या 12704- सिकंदराबाद-हावड़ा फलकनुमा एक्सप्रेस का प्रस्थान समय दोपहर 3:55 बजे से बदलकर शाम 5:55 बजे कर दिया गया है. वहीं ट्रेन नंबर 15227- SMVT बेंगलुरु-मुजफ्फरपुर एक्सप्रेस अब 19 नवंबर को रात 12:30 बजे के बजाय सुबह 8:30 बजे रवाना होगी. इसके साथ ही रेलवे ने यात्रियों को सलाह दी गई है कि स्टेशन पहुंचने से पहले अपनी ट्रेन का संशोधित समय रेलवे के आधिकारिक माध्यमों से जरूर जांच लें. जिससे उन्हें स्टेशन पहुंचने के बाद कोई परेशानी न हो.
13 जिलों में रेड अलर्ट, प्रशासन सतर्क
मुख्यमंत्री माझी के मुताबिक, दक्षिणी ओडिशा और तटीय क्षेत्रों में मौसम का असर अधिक देखने को मिल सकता है. बालासोर तक फैले तटीय इलाकों के साथ मलकानगिरी, कोरापुट, रायगडा और कालाहांडी जैसे जिलों में भारी बारिश की आशंका है. इन क्षेत्रों में हवा की औसत रफ्तार करीब 100 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.
सीएम माझी ने कहा कि राज्य के 13 जिलों के लिए रेड वार्निंग जारी की गई है. संबंधित जिलों के कलेक्टरों के साथ बैठक कर राहत, बचाव और आपातकालीन व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई है. सरकार ने अधिकारियों को संभावित परिस्थितियों से निपटने के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए हैं.
नौसेना और राहत एजेंसियां अलर्ट पर
चक्रवात अकवान से निपटने के लिए भारतीय नौसेना समेत अन्य संबंधित एजेंसियां भी तैयारियों में जुटी हैं. प्रशासन तटीय इलाकों की लगातार निगरानी कर रहा है. अधिकारियों का पूरा ध्यान संभावित भारी बारिश, तेज हवाओं और समुद्र में खराब मौसम के प्रभाव को कम करने के साथ लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने पर है.








