राजधानी दिल्ली में एक फिर बड़ा हादसा सामने आया है. यहां पर शहादरा जिले के विवेक विहार में एक मकान की छत ढह गई. इस दौरान मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका है. उधर घटना की जानकारी लगने पर स्थानीय पुलिस और फायर टीम मौके पर पहुंच चुकी है. राहत और बचाव कार्य की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है.
एंबुलेंस सेवा की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं
शाहदरा जिले के विवेक विहार पुलिस थाना क्षेत्र के तहत आने वाले ज्वाला नगर क्षेत्र में एक पुराना मकान ढह गया. दमकल विभाग के साथ दिल्ली पुलिस और एंबुलेंस सेवा की टीमें घटनास्थल पर पहुंच चुकी हैं. इस दौरान 7-8 लोगों को मलबे से निकाल लिया गया है. इस घटना में तीन माह के बच्चे की मौत हो गई. नॉर्थ MCD के चेयरमैन पंकज लूथरा के अनुसार,”यह 40-50 साल पुरानी इमारत है. इस हादसे में तीन माह के एक बच्चे की मृत्यु हो गई.”
मकान काफी पुराना और जर्जर हो चुका था
मकान गिरने की सूचना मिलते ही जोन चेयरमैन पंकज लूथरा और विधायक संजय गोयल मौके पर पहुंच गए. उन्होंने घटना के बारे में आसपास से जानकारी ली. शुरुआती जांच में सामने आया कि मकान काफी पुराना और जर्जर हो चुका था. ऐसा माना जा रहा है कि जर्जर हालत के कारण मकान अचानक ढह गया.








