उत्तर प्रदेश में मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया के तहत 18 लाख 84 हजार 113 मतदाताओं की बढ़ोतरी हुई है. यह जानकारी उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SSR)-2027) को लेकर आहूत प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी. गौरतलब है कि आज से 7 महीने 7 दिन ( 221 दिन) पहले10 अप्रैल 2026 को एसआईआर की लिस्ट आई थी. 10 अप्रैल को 13 करोड़ 39 लाख 84 हजार 792 वोटर्स थे जो आज 17 नवंबर को बढ़कर 13 करोड़ 58 लाख 68 हजार 905 हो गए हैं.
उन्होंने बताया कि 17 नवंबर 2026 को प्रकाशित मतदाता सूची के मुताबिक, उत्तर प्रदेश में कुल मतदाताओं की संख्या 13 करोड़ 58 लाख 68 हजार 905 है. इनमें 7 करोड़ 38 लाख 58 हजार 510 पुरुष, 6 करोड़ 20 लाख 6 हजार 353 महिला और 4,042 तृतीय लिंग के मतदाता हैं. प्रदेश में 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के मतदाताओं की संख्या 11 लाख 83 हजार 352 है. मतदाता सूची में जेंडर रेशियो 840 और ईपी रेशियो 55.95 है.
10 अप्रैल को क्या था यूपी में वोटर्स का आंकड़ा?
इससे पहले 10 अप्रैल 2026 को प्रकाशित अंतिम मतदाता सूची में कुल 13 करोड़ 39 लाख 84 हजार 792 मतदाता थे. इनमें 7 करोड़ 30 लाख 71 हजार 61 पुरुष, 6 करोड़ 9 लाख 9 हजार 525 महिला और 4,206 तृतीय लिंग के मतदाता शामिल थे. उस सूची में 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के मतदाताओं की संख्या 17 लाख 63 हजार 360 थी. तब जेंडर रेशियो 834 और ईपी रेशियो 55.17 दर्ज किया गया था.
10 अप्रैल और 17 नवंबर में कितना अंतर?
10 अप्रैल 2026 को प्रकाशित अंतिम मतदाता सूची और 17 नवंबर 2026 को प्रकाशित आलेख्य मतदाता सूची के बीच उत्तर प्रदेश में कुल मतदाताओं की संख्या में 18 लाख 84 हजार 113 की बढ़ोतरी हुई है. पुरुष मतदाताओं की संख्या में 7 लाख 87 हजार 449 और महिला मतदाताओं की संख्या में 10 लाख 96 हजार 828 का इजाफा हुआ है, जबकि तृतीय लिंग के मतदाताओं की संख्या में 164 की कमी आई है. वहीं, 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के मतदाताओं की संख्या में 5 लाख 80 हजार 8 की गिरावट दर्ज की गई है. इस दौरान जेंडर रेशियो 834 से बढ़कर 840 और ईपी रेशियो 55.17 से बढ़कर 55.95 हो गया है.
16 दिसंबर तक जुड़वा सकते हैं नाम?
इससे पहले उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश में आलेख्य मतदाता सूची का प्रकाशन कर दिया गया है. 17 नवंबर से 16 दिसंबर तक मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, हटवाने और विवरण में संशोधन के लिए दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी. इसके लिए फॉर्म-6, 7 और 8 के माध्यम से आवेदन किया जा सकेगा. इसके अलावा 21, 22, 28 और 29 नवंबर को सभी मतदेय स्थलों पर विशेष अभियान दिवस आयोजित किए जाएंगे. निर्वाचन आयोग की ओर से पात्र नागरिकों, विशेषकर युवाओं और महिलाओं को मतदाता सूची में शामिल करने के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं. साथ ही मतदाता सूची की प्रविष्टियों की शुद्धता पर भी विशेष जोर दिया जाएगा.








