Search
Close this search box.

UP में ड्रॉफ्ट वोटर लिस्ट जारी, बढ़े 18.84 लाख मतदाता; फाइनल सूची में इस तारीख तक जुड़वा सकते हैं नाम

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

 उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव की हलचल तेज हो गई है. चुनाव से पहले चुनाव आयोग ने नई ड्रॉफ्ट वोटर लिस्ट जारी कर दी है. नई लिस्ट में करीब 19 लाख वोटर्स की संख्या बढ़ी है. फाइनल वोटर लिस्ट 4 जनवरी को जारी होगी. नई लिस्ट आने के बाद राजनीतिक पार्टियां समीक्षा में जुट गई हैं.

बता दें कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के तहत 1 जनवरी 2027 की अर्हता तिथि के आधार पर यह पुनरीक्षण किया जा रहा है. ड्राफ्ट सूची में 7 करोड़ 38 लाख 58 हजार 510 पुरुष, 6 करोड़ 20 लाख 6 हजार 353 महिला और 4,042 तृतीय लिंग के मतदाता शामिल हैं. उत्तर प्रदेश में मतदाताओं की संख्या में करीब 18.84 लाख का इजाफा हुआ है, लेकिन 18 से 19 साल के युवा वोटरों की संख्या में बड़ी गिरावट दर्ज की गई है. विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के तहत मंगलवार, 17 नवंबर को जारी ड्राफ्ट मतदाता सूची में यह तस्वीर सामने आई है.

अब कुल कितने वोटर्स?

नई सूची के मुताबिक, प्रदेश में कुल मतदाताओं की संख्या बढ़कर 13 करोड़ 58 लाख 68 हजार 905 हो गई है. हालांकि, 18 से 19 साल के मतदाताओं की संख्या पिछली अंतिम सूची के मुकाबले 17.63 लाख से घटकर 11.83 लाख रह गई है.

युवा मतदाताओं की संख्या में करीब 5.80 लाख की कमी

नई मतदाता सूची में सबसे ज्यादा ध्यान युवा वोटरों के आंकड़ों पर जा रहा है. 10 अप्रैल 2026 को प्रकाशित पिछली अंतिम मतदाता सूची में 18 से 19 साल के मतदाताओं की संख्या 17 लाख 63 हजार 360 थी. वहीं, 17 नवंबर को जारी ड्राफ्ट सूची में यह संख्या घटकर 11 लाख 83 हजार 352 रह गई है. यानी इस आयु वर्ग में करीब 5.80 लाख मतदाताओं की कमी दर्ज की गई है.

महिला मतदाताओं का अनुपात बढ़ा

प्रदेश में कुल मतदाताओं की संख्या बढ़ने के साथ जेंडर रेशियो में भी सुधार हुआ है. पिछली मतदाता सूची में प्रति एक हजार पुरुषों पर महिला मतदाताओं की संख्या 834 थी, जो अब बढ़कर 840 हो गई है. वहीं, ईपी रेशियो भी 55.17 से बढ़कर 55.95 दर्ज किया गया है.

16 दिसंबर तक जुड़वा सकते हैं नाम, 4 जनवरी को फाइनल लिस्ट

ड्राफ्ट मतदाता सूची में नाम शामिल कराने, गलतियों में सुधार कराने और किसी नाम पर आपत्ति दर्ज कराने के लिए 17 नवंबर से 16 दिसंबर 2026 तक का समय दिया गया है. इस अवधि में मतदाता अपने दावे और आपत्तियां दर्ज करा सकते हैं. इनका निस्तारण 28 दिसंबर तक किया जाएगा. इसके बाद 4 जनवरी 2027 को उत्तर प्रदेश की अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित होगी. गौरतलब है कि 10 अप्रैल 2026 को जारी पिछली अंतिम मतदाता सूची में प्रदेश में कुल 13 करोड़ 39 लाख 84 हजार 792 मतदाता दर्ज थे. नई ड्राफ्ट सूची में यह संख्या बढ़कर 13.58 करोड़ से अधिक हो गई है

admin
Author: admin

और पढ़ें