बिहार के नालंदा में बीती रात भोजपुरी चर्चित कलाकार खेसारी लाल यादव के कार्यक्रम में अचानक भगदड़ मच गई. इस दौरान कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और गुस्साए दर्शकों ने दर्जनों कुर्सियां तोड़ दीं. स्थिति बिगड़ती देख आयोजकों को कुछ देर के लिए कार्यक्रम रोकना पड़ा था.
दरअसल, इस्लामपुर थाना क्षेत्र के सेखली गांव में एक तिलक समारोह के अवसर पर भोजपुरी कलाकार खेसारी लाल यादव को कार्यक्रम के लिए आमंत्रित किया गया था. अपने चहेते कलाकार की एक झलक पाने और उनका कार्यक्रम देखने के लिए हजारों की संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए थे. देखते ही देखते कार्यक्रम स्थल पर भीड़ काफी बढ़ गई.
देर तक बना रहा अफरा-तफरी का माहौल
भीड़ के हिसाब से सुरक्षा और बैठने की पर्याप्त व्यवस्था नहीं की गई थी, जिसके कारण स्थिति अनियंत्रित हो गई और भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई थी. अचानक मची अफरा-तफरी के बाद दर्शकों में नाराजगी फैल गई और गुस्साए लोगों ने कार्यक्रम स्थल पर रखी दर्जनों कुर्सियां तोड़ दीं. घटना के बाद आयोजकों और सुरक्षाकर्मियों के बीच भी काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा.
भीड़ को नियंत्रित करने और स्थिति सामान्य करने के लिए कार्यक्रम को कुछ देर तक रोकना पड़ा था. स्थानीय स्तर पर कार्यक्रम की जानकारी प्रशासन को दी गई थी. इसके बावजूद इतनी बड़ी संख्या में उमड़ी भीड़ को नियंत्रित करने में पुलिस और सुरक्षा व्यवस्था को काफी मशक्कत करनी पड़ी है.
भगदड़ कंट्रोल करने में जुटी पुलिस
इस संबंध में इस्लामपुर थानाध्यक्ष ने बताया कि कार्यक्रम के आयोजन के लिए प्रशासन से अनुमति ली गई थी. हालांकि उम्मीद से अधिक भीड़ जुटने के कारण भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न हुई और कुर्सियां तोड़ी गईं है, पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.








