Search
Close this search box.

भारत में SCO फोरम में शामिल होगा पाकिस्तान? मंत्री ने जताई ये उम्मीद

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

भारत में SCO सिविलाइजेशनल डायलॉग फोरम का आयोजन होने जा रहा है. इसमें भागीदारी के लिए चीन, कजाकिस्तान, ईरान, ताजिकिस्तान और उज्बेकिस्तान समेत अन्य देशों ने पुष्टि कर दी है. 20 से 22 नवंबर तक दिल्ली के ऐतिहासिक पुराना किला में कार्यक्रम का आलोजन होगा.

कार्यक्रम से पहले ‘भारत मंडपम’ में मीडिया से बातचीत करते हुए केंद्रीय संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने शुक्रवार (13 नवंबर 2026) को उम्मीद जताई कि पाकिस्तान भी अपनी भागीदारी की पुष्टि करेगा और इस मंच में शामिल होगा.

पिछले दिनों भारत ने इंटरनेशनल मंच के लिए पाकिस्तान को न्यौता दिया था. भारत और पाकिस्तान के बीच रिश्ते काफी तनावपूर्ण रहे हैं.

पीएम मोदी करेंगे उद्घाटन

केंद्रीय संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 20 नवंबर को उद्घाटन समारोह में हिस्सा लेंगे.  इसके अलावा, 21 और 22 नवंबर को चार मुख्य विषयों पर कई सत्र आयोजित किए जाएंगे, जिनमें सभ्यतागत और सांस्कृतिक अभिव्यक्ति, कला और वास्तुकला, तथा भाषा, साहित्य और पांडुलिपियां शामिल हैं.

SCO की स्थापना 2001 में शंघाई में एक शिखर सम्मेलन के दौरान रूस, चीन, किर्गिज़ गणराज्य, कजाकिस्तान, ताजिकिस्तान और उज्बेकिस्तान के राष्ट्रपतियों की तरफ से की गई थी.

2023 में ईरान बना सदस्य

भारत और पाकिस्तान 2017 में इसके स्थायी सदस्य बने, जबकि ईरान 2023 में इसका सदस्य बना. SCO की वेबसाइट के अनुसार, इसके मुख्य लक्ष्यों में आपसी विश्वास, मित्रता और अच्छे पड़ोसी संबंधों को मजबूत करना तथा क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और स्थिरता बनाए रखने के लिए बहुपक्षीय संवाद को बढ़ावा देना शामिल है.

शेखावत ने कहा कि भारत का मकसद यह सुनिश्चित करना है कि SCO केवल एक भू-राजनीतिक और आर्थिक मंच ही न रहे, बल्कि यह साझा सभ्यतागत विरासत और मानवीय मूल्यों के लिए भी एक मंच बने.

15 देश नाम डायलॉग पार्टनर

अपने सदस्य देशों के अलावा SCO के कुछ पर्यवेक्षक देश और डायलॉग पार्टनर भी हैं. SCO की वेबसाइट के अनुसार, 15 देश इसके डायलॉग पार्टनर हैं, जिनमें अजरबैजान, आर्मेनिया, बहरीन, मिस्र, कंबोडिया, कतर, कुवैत, लाओस, मालदीव, म्यांमार, नेपाल, संयुक्त अरब अमीरात (UAE), सऊदी अरब, तुर्किए और श्रीलंका शामिल हैं.

भागीदारी की पुष्टि करने वाले देशों के बारे में पूछे जाने पर शेखावत ने बताया कि 25 देशों को निमंत्रण भेजे गए थे, जिनमें से 15 ने अपनी भागीदारी की पुष्टि कर दी है. उन्होंने बताया कि जिन देशों ने भागीदारी की पुष्टि की है, उनमें चीन, कजाकिस्तान, ईरान, ताजिकिस्तान, उज्बेकिस्तान, बेलारूस, अज़रबैजान, आर्मेनिया, बहरीन, नेपाल, सऊदी अरब, तुर्की और श्रीलंका शामिल हैं.

admin
Author: admin

और पढ़ें