भारत की प्राचीन परंपराओं को दुनिया तक पहुंचाने में योग की भूमिका लगातार बढ़ रही है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को बेंगलुरु में प्रशांति कुटीरम् के स्वर्ण जयंती समारोह में इसी बात को खास अंदाज में सामने रखा. उन्होंने योग को भारत को जानने का प्रवेश द्वार बताया. साथ ही कहा कि दुनिया के लोग जब योग से जुड़ते हैं तो उनकी भारत की संस्कृति और पारंपरिक ज्ञान को समझने की उत्सुकता भी बढ़ती है. इस मौके पर प्रधानमंत्री ने योग के साथ आयुर्वेद और नेचुरोपैथी को जोड़कर विकसित किए गए समग्र स्वास्थ्य मॉडल की तारीफ की. समारोह में मोदी ने संस्थान के 50 साल के सफर को सेवा और समर्पण की असाधारण कहानी बताया. उन्होंने कहा कि एक छोटे से योग केंद्र से शुरू हुई यात्रा आज बड़े आंदोलन का रूप ले चुकी है.
प्रधानमंत्री ने इस कार्यक्रम में प्रशांति कुटीरम् के स्वर्ण जयंती प्रशासनिक ब्लॉक की आधारशिला रखी. इसके साथ ही केरल के तिरुवनंतपुरम में S-VYASA के ऑफ-कैंपस का डिजिटल माध्यम से शुभारंभ किया. उन्होंने कहा कि कर्नाटक की धरती सदियों से योग का केंद्र रही है. यहां कई योग गुरु और विद्वान पैदा हुए जिन्होंने इस परंपरा को आगे बढ़ाया. पीएम ने योग के क्षेत्र में संस्थान के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि यहां प्रशिक्षित डॉक्टर और शोधकर्ता देश-विदेश में लोगों की सेवा कर रहे हैं. योग के साथ आयुर्वेद और नेचुरोपैथी को आधुनिक चिकित्सा विज्ञान से जोड़ने का प्रयास भी सराहनीय है. उनके मुताबिक तनाव और जीवनशैली से जुड़ी बीमारियों पर हुए शोध का फायदा दुनिया भर के लोगों को मिल रहा है.
छोटे योग केंद्र से बड़ा संस्थान बना प्रशांति कुटीरम्
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि कर्नाटक की समृद्ध विरासत के बीच प्रशांति कुटीरम् की 50 साल की यात्रा सेवा और समर्पण की ऐसी मिसाल है जिसे हर भारतीय को जानना चाहिए. उन्होंने कहा, ‘एक छोटे से योग केंद्र का इतने बड़े आंदोलन में बदलना अपने आप में प्रेरणा देने वाली कहानी है.’ आज यह संस्थान योग शिक्षा और वैज्ञानिक शोध के साथ स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में भी अपनी पहचान बना चुका है.
योग से दुनिया में बढ़ रही भारत को जानने की उत्सुकता
पीएम मोदी ने कहा कि योग अब भारत को समझने का एक प्रवेश द्वार बन चुका है. दुनिया के लोग जब योग से परिचित होते हैं तो भारत की संस्कृति और पारंपरिक ज्ञान के प्रति उनका आकर्षण भी बढ़ता है. उन्होंने कहा, ‘दुनिया के लोगों का योग से परिचय बढ़ता है तो भारत को जानने की उनकी उत्सुकता भी बढ़ती है. हमारी संस्कृति के प्रति और हमारे पारंपरिक ज्ञान के प्रति एक नया आकर्षण पैदा होता है. इससे भारत और दुनिया के बीच जुड़ाव का एक नया रास्ता खुलता है.’
उन्होंने यह भी कहा कि पिछले 12 सालों में भारत ने अपनी संस्कृति और पारंपरिक ज्ञान को दुनिया के सामने पूरे आत्मविश्वास के साथ रखा है. इसी प्रयास का नतीजा है कि अब दुनिया भारत की पहल पर अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाती है.
आयुष सेक्टर की अर्थव्यवस्था लाखों करोड़ रुपये तक पहुंची
प्रधानमंत्री ने योग के साथ आयुर्वेद को बढ़ावा देने के लिए सरकार की कोशिशों का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि आजादी के बाद पहली बार देश में अलग आयुष मंत्रालय बनाया गया. आयुर्वेद में शोध और इससे जुड़े पेटेंट को प्रोत्साहित किया गया है. पीएम के मुताबिक भारत से आयुष और हर्बल उत्पादों का निर्यात लगातार बढ़ रहा है. आयुष सेक्टर की अर्थव्यवस्था भी लाखों करोड़ रुपये तक पहुंच चुकी है.
योगासन को प्रतिस्पर्धी खेल के तौर पर मिली पहचान
PM मोदी ने योगासन को प्रतिस्पर्धी खेल के रूप में मान्यता दिए जाने को भी अहम बदलाव बताया. उन्होंने कहा कि खेलो इंडिया और नेशनल गेम्स जैसे आयोजनों में योगासन को जगह मिली है. इससे योग से जुड़े लोगों के लिए प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने के नए रास्ते खुले हैं. प्रधानमंत्री ने कहा कि योग को खेल के रूप में आगे बढ़ाने से इसे नई पहचान मिलेगी और युवाओं को भी इससे जुड़ने का मौका मिलेगा.
शेषाद्रि जी की सीख को भी किया याद
अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने शेषाद्रि जी को भी याद किया. उन्होंने कहा, ‘शेषाद्रि जी की एक बात मैं कभी नहीं भूल सकता. वह अक्सर कहते थे कि जब हम समाज को अपनी दोनों आंखों से देखते हैं तो समाज भी हमें लाखों आंखों से देखता है.’ पीएम मोदी ने कहा कि उन्होंने अपने जीवन में इस बात को बार-बार महसूस किया है. जनता की सेवा करते हुए उन्हें हमेशा लोगों का आशीर्वाद और स्नेह मिला है. यह उनके जीवन की सबसे बड़ी पूंजी में से एक है.








