अफगानिस्तान में एक बार फिर से भूकंप के झटके महसूस हुए. गुरुवार (1 अक्टूबर) को हिंदू कुश क्षेत्र में भूकंप आया. नेशनल सेंटर फॉर सिस्मोलॉजी के मुताबिक रिक्टर स्केल पर 5.3 तीव्रता दर्ज की गई. अहम बात यह है कि हिंदू कुश क्षेत्र भूकंप के लिहाज से काफी ज्यादा संवेदनशील है. यहां बीते महीने भी भूकंप आया था, तब तीव्रता 4.6 दर्ज की गई थी. हालांकि अभी आए भूकंप के बाद किसी तरह के नुकसान को लेकर अपडेट नहीं मिला है.
अफगानिस्तान में गुरुवार सुबह भारतीय समय के मुताबिक करीब 6.59 बजे भूकंप आया. भूकंप की वजह से दहशत फैल गई. हालांकि अभी तक किसी तरह के नुकसान को लेकर जानकारी नहीं मिली है. अफगानिस्तान भूकंप की वजह से कई बार भारी नुकसान झेल चुका है.
अफगानिस्तान में पहले भी आ चुका है भूकंप
अफगानिस्तान में 10 सितंबर को भी भूकंप आया था. अफगानिस्तान के साथ-साथ ताजिकिस्तान भी इसकी चपेट में आया था. इसकी तीव्रता रिक्टर स्केल पर 4.6 मापी गई थी. भूकंप का केंद्र 37.907 अक्षांश और 72.742 देशांतर पर था और इसकी गहराई 132 किलोमीटर दर्ज की गई थी.
इसका स्थान अफगानिस्तान के फैजाबाद शहर से लगभग 213 किलोमीटर पूर्व-उत्तर पूर्व (ईएनई) में था. भूकंप की गहराई ज्यादा होने की वजह से इसके झटके कई इलाकों में महसूस किए गए. इससे पहले 9 सितंबर को भी भूकंप आया था, तब 4.7 तीव्रता दर्ज की गई थी.
2023 में भूकंप की वजह से 2000 से ज्यादा लोगों की हुई थी मौत
अफगानिस्तान में साल 2023 में भयानक भूकंप आया था, तब 2000 से ज्यादा लोगों की जान गई थी. वहीं 9000 से ज्यादा लोग घायल हुए थे. अफगानिस्तान में 2022 में भी भूकंप आया था. 6.1 की तीव्रता के इस भूकंप की वजह से 1036 लोगों की जान गई थी. इसी तरह 2015 और 2002 में भी अफगानिस्तान भूकंप की वजह से तबाही का सामना कर चुका है.








