उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले बहुजन समाज पार्टी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं. बीएसपी के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद पूरी तरह एक्टिव नजर आ रहे हैं. इस बीच उन्होंने बिजनौर के अफजलगढ़ में जनसभा को संबोधित किया. इस दौरान उन्होंने कहा कि एक बार फिर से पूरे यूपी को बता दीजिए कि आप मायावती को फिर से सीएम बनाने जा रहे हैं.
उन्होंने कहा कि यूपी में चुनाव होने वाले हैं. गन्ना चीनी और गुड़ उत्पादन में तीनों में बिजनौर यूपी में सबसे आगे हैं. इसी गन्ना किसान की जिंदगी में कड़वाहट घोल दी है, जिस मिल पर किसान पर अपना पैसा बकाया हो, जो किसान देश का पेट भरते हैं. वो अपने पैसों के लिए अपने हाथ फैलाए क्यों रहते हैं.
बीजेपी सरकार को लेकर साधा निशाना
आकाश आनंद ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि इस समस्या का हल पिछले 10 सालों से बीजेपी सरकार ने दिया. बीजेपी ने अपने विज्ञापन में कोई कसर नहीं छोड़ा. इनकी विज्ञापन की सरकार ने 7000 करोड़ के विज्ञापन छाप कर ये बताने की कोशिश की है कि इनकी सरकार विकसित शिक्षित सरकार है.
आकाश आनंद ने कहा कि झांसी में बच्चों को आग से बचाने का पैसा नहीं है. 13 लाख पद खाली हैं, लेकिन भरने के पैसा नहीं है. पेपर लीक को रोकने के लिए पैसे नहीं हैं. पिछले 10 सालों में सरकार ना तो महिलाओं को सुरक्षा, ना तो युवाओं को रोजगार, ना बच्चों को शिक्षा दे पाई.
उन्होंने कहा कि बीजेपी की सरकार अपने आप को एनकाउंटर वाली कहती है. यहां की जनता जनती है कि पुलिस उस अपराधी के कान में फुसफुसाती है कि लंगड़ा के चल. क्या ऐसी सरकार को दोबारा मौका देंगे. मनुवादी सोच के लोग हमें अपनी आवाज तक रखने नहीं देते थे. ये लोग हमारे बच्चों को रोजगार नहीं दे पा रहे हैं. हमारे बच्चों के स्कूल बंद किए. ये ना रोजगार दे पाए, ना शिक्षा दे पाए.
बीएसपी नेता ने कहा कि बीजेपी के नेताओं ने बहुत वादे किए. उन्होंने कहा कि 2024 तक यूपी की सड़कों को अमेरिका से बेहतर बना देंगे. सारे एक्सप्रेस-वे खुलने के बाद धंसने लगे. इन्होंने बहुत कोशिश की नोएडा आगरा एक्सप्रे-वे को कॉपी किया जाए, जो कि वैसा ही खड़ा है.
उन्होंने कहा कि आज उनके एक्सप्रेस वे 4-6 महीने में धंसने लगे. इसलिए नकल के लिए भी अकल चाहिए. आकाश आनंद ने बीजेपी के ‘जनता पर महंगाई की मार, भाजपा जिम्मेदार’ नारे को सही ठहराया है. इनसे जब जब सवाल किए गए, इन्होंने हिंदु मुसलमान किया.
सपा-कांग्रेस पर भी साधा निशाना
इस दौरान आकाश आनंद ने सपा-कांग्रेस पर भी निशाना साधा. उन्होंने कहा कि सपा-कांग्रेस भी उतने ही खराब है जितनी बीजेपी है. पीडीए की कहानी सुनाई. दो साल बाद भी इन दोनों पार्टियों के पास एक भी ऐसा काम नहीं जो आपको आकर बता सकें. राहुल गांधी बाबा साहब की किताब को दिखाते हैं, उनकी सरकार में वही नीतियां जैसे की यहां पर बीजेपी की सरकार है.
उन्होंने कहा कि ये लोग क्रेडिट लेने में आगे हैं. जैसे ही क्रेडिट लिया वैसी ही इनकी सरकार जहां चल रही है वहां पेपर लीक हो गया. इन्होंने वही किया जो की बीजेपी ने किया, छात्रों पर लाठियां चलाईं.








