आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का इस्तेमाल आजकल लोग पढ़ाई से लेकर नौकरी और निजी समस्याओं के समाधान तक के लिए कर रहे हैं. लेकिन क्या किसी AI चैटबॉट की सलाह पर आंख बंद करके भरोसा करना भारी पड़ सकता है?
डेनमार्क के एक 60 वर्षीय व्यक्ति के साथ कुछ ऐसा ही होने का मामला सामने आया है. शख्स का आरोप है कि ChatGPT की सलाह मानने के कारण उसे अपना घर तक गंवाना पड़ा और अब वह OpenAI के खिलाफ कानूनी लड़ाई लड़ रहा है.
करोड़ों डॉलर की कंपनी बनाने का भी दिखाया सपना
मामला सिर्फ किराए की सलाह तक सीमित नहीं रहा. व्यक्ति का आरोप है कि ChatGPT ने उन्हें यह विश्वास दिलाया कि दोनों मिलकर कई AI प्रोडक्ट तैयार कर रहे हैं और इससे अरबों डॉलर की कमाई होगी.
क्लाउस ने चैटबॉट के साथ भविष्य में महंगे घर, लग्जरी सुविधाओं और इटली में विला खरीदने तक की योजनाएं बनाईं. शिकायत के मुताबिक, जब उन्होंने इन दावों की वास्तविकता पर सवाल उठाए, तब भी चैटबॉट ने कथित तौर पर उनका भरोसा बनाए रखा.
मकान मालिक से विवाद के बाद ChatGPT से मांगी मदद
डेनमार्क के रहने वाले क्लाउस एल्मफेल्ट ने मार्च 2025 में मकान मालिक के साथ हुए विवाद को लेकर ChatGPT से सलाह ली थी. विवाद की वजह उनके दो पालतू कुत्ते थे. मकान मालिक की प्रॉपर्टी कंपनी चाहती थी कि वह अपने दोनों कुत्तों में से किसी एक को घर से हटाएं. वहीं, व्यक्ति का दावा था कि कंपनी पर उसका कुछ पैसा बकाया है.
मुकदमे के अनुसार, ChatGPT ने उन्हें किराया रोकने की सलाह दी और भरोसा दिलाया कि ऐसा करने से उन्हें घर से नहीं निकाला जा सकता. चैटबॉट ने कथित तौर पर यह भी कहा कि कानूनी रूप से उनका बेघर होना असंभव है.
बेघर होने के बाद OpenAI पर मुकदमा
शिकायत के मुताबिक, जून 2026 में क्लाउस को अपना घर छोड़ना पड़ा. इसके बाद उन्होंने अपने दोनों कुत्तों चार्ली और डेल्टा के साथ किराए की कार के पीछे खुले में रातें बिताईं. फिलहाल वह दक्षिणी डेनमार्क के एक कैंपसाइट में केबिन लेकर रह रहे हैं.
उन्होंने 2 नवंबर को सैन फ्रांसिस्को की अदालत में OpenAI के खिलाफ मुकदमा दायर किया. वह कंपनी से हर्जाने के साथ AI की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग कर रहे हैं.
OpenAI ने क्या कहा?
OpenAI के प्रवक्ता ने मामले पर चिंता जताते हुए कहा कि कंपनी संवेदनशील परिस्थितियों में ChatGPT के जवाब बेहतर बनाने के लिए मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञों के साथ काम कर रही है. कंपनी के मुताबिक, चैटबॉट को वास्तविक दुनिया की मदद और पेशेवर देखभाल का विकल्प नहीं माना जाना चाहिए. किराया रोकने की सलाह और अन्य घटनाएं व्यक्ति की ओर से दायर मुकदमे में लगाए गए आरोप हैं, जिनकी अदालत में पुष्टि होना बाकी है.
41 हजार से ज्यादा मैसेज का दावा
मुकदमे में बताया गया है कि क्लाउस ने आठ महीने के दौरान ChatGPT के साथ 828 सेशन में 41 हजार से ज्यादा मैसेज किए. इस दौरान उन्होंने कम से कम 641 घंटे चैटबॉट के साथ बिताए.








