पश्चिम बंगाल के कोलकाता में प्रवर्तन निदेशालय यानी ED ने करीब एक साथ 15 जगहों पर छापेमारी की. मंगलवार (29 सितंबर) को तड़के सुबह ईडी से जुड़े अधिकारियों ने ये कार्रवाई की. प्रवर्तन निदेशालय का यह एक्शन पश्चिम बंगाल के पूर्व मंत्री इंद्रनील सेन से जुड़े परिसरों में भी देखने को मिला.
दरअसल, अधिकारियों ने बताया कि जांच मास आर्ट्स सोसाइटी से जुड़े एक ग्रुप की कथित गतिविधियों और उससे जुटाए गए पैसों की जांच के अंतर्गत की जा रही है. अधिकारियों के अनुसार, जांच के घेरे में ऐसे लोगों का एक ग्रुप है, जिसने कथित तौर पर मास आर्ट्स सोसाइटी नाम की एक संस्था बनाई थी. उसक संस्था की आड़ में गैर-कानूनी तरीके से पैसे जुटाए गए थे.
संस्था पर लगे ये आरोप
आरोप लगा है कि इस ग्रुप ने लोगों के सामने संस्था को यूनेस्को से मंजूर संस्था के तौर पर पेश किया था. दुर्गा पूजा के नाम पर टिकटिंग इवेंट का भी आरोप लगा है. इस सोसाइटी के नाम का इस्तेमाल करने वाले लोग बाद में दुर्गा पूजा से जुड़े कार्यक्रम आयोजित कर रहे थे.
ईडी के अधिकारियों ने कोलकाता में एक साथ 15 जगह पर छापेमारी की है. अधिकारी मामले में दस्तावेजों की जांच कर रहे हैं. बताया गया है कि ममता सरकार में मंत्री रहे इंद्रनील सेन से जुड़े परिसर में भी तलाशी चल रही है. ईडी यह पता लगाने की कोशिश कर रही है, कि कथित तौर पर जुटाए गए पैसों का इस्तेमाल कहां-कहां किया गया था.
खबर लिखे जाने तक ईडी का एक्शन जारी है. अभियान के पूरा होने का बाद एजेंसी की ओर से जब्त किए गए दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों की जांच की जानी है. इसी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जानी है. यह आरोप ऐसे समय पर हो रही है, जब कोलकाता में एक बार फिर से दुर्गापूजा की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं.







