Search
Close this search box.

हत्या कर बंद कमरे में जलाया शव, रेत में दफनाए अधजले अंग, 17 दिन बाद बेटे के घर लौटने पर खुला राज; पत्नी ने ऐसे उतारा पति को मौत के घाट

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

अलीराजपुर जिले के उदयगढ़ थाना क्षेत्र से एक दिलदहला देने वाली घटना सामने आई है. ग्राम ताती-अंबा के पुजारा फलिया में 15 दिनों से लापता एक व्यक्ति की हत्या का मामले में चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं. पुलिस ने जांच के दौरान मृतक रामा वाकला (50) का शव उसके घर के पीछे बने कमरे में रेत के नीचे दबा हुआ बरामद किया. पुलिस के मुताबिक पूछताछ के दौरान मृतक की पत्नी नाहजुबाई (47) ने पति की हत्या करने की बात स्वीकार की. इसके बाद पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया. अदालत के आदेश पर पत्नी को जेल भेज दिया गया है.

जानकारी के मुताबिक, चरित्र शंका के चलते पत्नी ने अपने ही पति की निर्मम हत्या कर दी. हत्या के बाद साक्ष्य मिटाने के लिए महिला ने बंद कमरे में पति का शव जलाया और अधजले अंगों को घर में रखे रेत के ढेर में गाड़ दिया. 17 दिन बाद जब गुजरात से मजदूरी कर बड़ा बेटा घर पहुंचा और पिता के बारे में पूछताछ की, तब पूरी खौफनाक साजिश का खुलासा हुआ.

 चरित्र शंका में पति की हत्या
मिली जानकारी के अनुसार, 47 वर्षीय आरोपी महिला नहजुबाई ने चरित्र शंका के चलते अपने पति पर लकड़ी के भारी डंडे से ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. ​पति की हत्या के बाद आरोपी महिला ने अपराध छिपाने के लिए खौफनाक तरीका अपनाया. महिला ने घर का कमरा बंद कर पति की लाश को आग के हवाले कर दिया. आग से उठने वाला धुआं बाहर न फैले, इसके लिए उसने जलते हुए शव को एक बड़े ड्रम से ढक दिया. शव पूरी तरह जल नहीं सका, तो अधजले अंगों को घर में ही पड़े रेत के ढेर में गाड़ दिया.

बेटे के घर लौटने पर हुआ खुलासा
आरोपी ने सुराग मिटाने की नीयत से पति की तस्वीरें और पहचान पत्र भी आग में जलाकर राख कर दिए. ​घटना के समय बेटा मजदूरी के सिलसिले में बाहर गया हुआ था. 17 दिन बाद जब वह गुजरात से घर लौटा और अपने पिता के बारे में पूछा, तो मां टालमटोल करने लगी. बेटे को शक हुआ और जब उसने कड़ाई से पूछताछ की, तो मां ने अपना गुनाह कबूल कर लिया. घटना की सूचना मिलते ही उदयगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और रेत के ढेर से शव के अवशेष बरामद किए. पुलिस ने आरोपी महिला नहजुबाई को गिरफ्तार कर लिया है. कोर्ट में पेश करने के बाद आरोपी को जेल भेज दिया गया.

 

admin
Author: admin

और पढ़ें