29 मई 2026 को आईपीएल 2026 में इतिहास रचा गया. क्वालीफायर-2 मुकाबले में गुजरात टाइटंस (GT) ने राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ प्लेऑफ इतिहास का सबसे बड़ा रन चेज (215 रन) कर फाइनल का टिकट कटाया. गुजरात की इस ऐतिहासिक जीत के नायक एक बार फिर उनके दो अनमोल रत्न, कप्तान शुभमन गिल (Shubman Gill) और साई सुदर्शन रहे.
मुल्लांपुर के मैदान पर राजस्थान के 214 रनों के पहाड़ जैसे स्कोर के जवाब में इन दोनों ओपनरों ने विपक्षी गेंदबाजों की ऐसी धज्जियां उड़ाईं कि न सिर्फ गुजरात को फाइनल में पहुंचाया, बल्कि मेंस टी20 क्रिकेट इतिहास के 3 ऐसे महा-रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए, जिन्हें तोड़ने में दिग्गजों के पसीने छूट जाएंगे. ये वही तीन रिकॉर्ड हैं, जिन्होंने इस जोड़ी को टी20 क्रिकेट की नंबर-1 गद्दी पर बिठा दिया है.
1. मेंस टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा शतकीय साझेदारी का वर्ल्ड रिकॉर्ड
राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ क्वालीफायर-2 में शुभमन गिल और साई सुदर्शन के बीच 167 रनों की तूफानी ओपनिंग साझेदारी हुई. यह इन दोनों बल्लेबाजों के बीच टी20 क्रिकेट में 11वीं शतकीय (100+) साझेदारी थी. इसके साथ ही यह जोड़ी मेंस टी20 क्रिकेट में किसी भी विकेट के लिए सबसे ज्यादा शतकीय साझेदारी करने वाली दुनिया की नंबर-1 जोड़ी बन गई है. खास बात यह है कि उन्होंने इसके लिए महज 48 पारियां लेकर क्रिस गेल और विराट कोहली जैसे महान दिग्गजों के सर्वकालिक रिकॉर्ड को ध्वस्त कर दिया.
टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा शतकीय साझेदारियां (किसी भी विकेट के लिए)
- शुभमन गिल – साई सुदर्शन: 11 शतकीय साझेदारियां (48 पारियां)
- क्रिस गेल – विराट कोहली: 10 शतकीय साझेदारियां (63 पारियां)
- बाबर आजम – मोहम्मद रिजवान: 10 शतकीय साझेदारियां (75 पारियां)
- एबी डिविलियर्स – विराट कोहली: 10 शतकीय साझेदारियां (77 पारियां)
- अभिषेक शर्मा – प्रभसिमरन सिंह: 7 शतकीय साझेदारियां (44 पारियां)
- इब्राहिम ज़दरान – रहमानुल्लाह गुरबाज़: 7 शतकीय साझेदारियां (49 पारियां)
2. IPL प्लेऑफ के इतिहास में 15 साल पुराना रिकॉर्ड टूटा
क्वालीफायर-2 जैसे दबाव वाले नॉकआउट मैच में जब राजस्थान ने 214 रन बोर्ड पर टांगे थे, तब गिल (104 रन, 53 गेंद) और सुदर्शन (58 रन, 32 गेंद) ने पहले विकेट के लिए 167 रन जोड़ दिए. यह अब IPL प्लेऑफ इतिहास की सबसे बड़ी साझेदारी बन चुकी है. इस जोड़ी ने चेन्नई सुपर किंग्स के माइक हसी और मुरली विजय का 15 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया, जिन्होंने साल 2011 के फाइनल में बेंगलुरु के खिलाफ 159 रनों की साझेदारी की थी.
IPL प्लेऑफ इतिहास की सबसे बड़ी साझेदारियां
- शुभमन गिल – साई सुदर्शन: 167 रन (GT vs RR, 2026 क्वालीफायर-2)
- माइक हसी – मुरली विजय: 159 रन (CSK vs RCB, 2011 फाइनल)
- एमएस धोनी – सुरेश रैना: 140* रन (CSK vs MI, 2013 क्वालीफायर-1)
- शुभमन गिल – साई सुदर्शन: 138 रन (GT vs MI, 2023 क्वालीफायर-2)
- मनीष पांडे – जैक्स कैलिस: 136 रन (KKR vs CSK, 2012 फाइनल)
3. दो अलग-अलग सीजन में 700+ रन बनाने वाले स्पेशल क्लब में एंट्री
राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ गिल के शतक और सुदर्शन की फिफ्टी के दम पर दोनों ने इस सीजन अपने-अपने 700 रन पूरे कर लिए हैं. इस महा-रिकॉर्ड को छूते ही दोनों बल्लेबाजों ने एक बेहद खास सूची में जगह बना ली है. अब गिल और सुदर्शन आईपीएल इतिहास के ऐसे तीसरे और चौथे बल्लेबाज बन गए हैं, जिन्होंने दो अलग-अलग आईपीएल सीजन में 700 या उससे ज्यादा रन बनाने का कारनामा किया हो. इन दोनों युवा भारतीय खिलाड़ियों से पहले आईपीएल के पूरे इतिहास में यह जादुई कीर्तिमान सिर्फ ‘यूनिवर्स बॉस’ क्रिस गेल और ‘किंग’ विराट कोहली ही हासिल कर पाए थे.
अब 31 मई को RCB से महाभिड़ंत
2022 में आईपीएल में डेब्यू करने वाली गुजरात टाइटंस अब तीसरी बार IPL फाइनल में पहुंच चुकी है. 31 मई को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में उसका सामना खिताबी जंग में डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) से होगा. देखना दिलचस्प होगा कि क्या अहमदाबाद के मैदान पर भी यह नंबर-1 जोड़ी अपने इन महा-रिकॉर्ड्स के सिलसिले को जारी रख पाती है या नहीं.








