कर्नाटक की राजनीति में मुख्यमंत्री पद को लेकर जारी अटकलों के बीच गुरुवार को बेंगलुरु में मुख्यमंत्री सिद्धारमैया के आवास पर अहम ब्रेकफास्ट बैठक आयोजित हुई. इस दौरान मुख्यमंत्री सिद्धारमैया और उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने एक-दूसरे को गले लगाकर पार्टी में एकजुटता का संदेश दिया. वहीं डीके शिवकुमार ने मुख्यमंत्री सिद्धारमैया के पैर छूकर उनका आशीर्वाद भी लिया. दोनों नेताओं की यह तस्वीरें अब राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बनी हुई हैं. मुख्यमंत्री सिद्धारमैया दोपहर 3 बजे राज्यपाल कार्यालय जाकर अपना इस्तीफा सौंप सकते हैं.
ब्रेकफास्ट मीटिंग में पहुंचे कई बड़े नेता
मुख्यमंत्री आवास पर आयोजित इस बैठक में कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता और मंत्री शामिल हुए. मंत्री एचके पाटिल, रामलिंगा रेड्डी समेत कई विधायक और पार्टी पदाधिकारी भी नाश्ते की बैठक में पहुंचे. इस दौरान पार्टी के अंदर चल रही राजनीतिक चर्चाओं और संभावित नेतृत्व परिवर्तन पर सभी की नजर बनी रही.








