Search
Close this search box.

चिलचिलाती धूप और चढ़ते पारे के बीच PM मोदी का बड़ा संदेश, X पर दिया सेहतमंद रहने का गुरुमंत्र

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देश के कई हिस्सों में इस वक्त गर्मी लोगों की मुश्किलें बढ़ा रही है. तेज धूप और लगातार बढ़ते तापमान के बीच पीएम नरेंद्र मोदी ने भी लोगों से अपनी सेहत का खास ख्याल रखने की अपील की है. पीएम ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट साझा करते हुए कहा कि भीषण गर्मी के दौरान छोटी-छोटी सावधानियां भी बड़ा फर्क ला सकती हैं. उन्होंने लोगों से ज्यादा से ज्यादा पानी पीने, धूप में निकलते समय सतर्क रहने और अपने आसपास जरूरतमंदों की मदद करने की बात कही.

पीएम मोदी ने अपने संदेश में मानवीय संवेदनाओं पर भी जोर दिया. उन्होंने कहा कि अगर रास्ते में कोई प्यासा दिखाई दे तो उसे एक गिलास पानी जरूर पिलाएं. साथ ही परिवार और रिश्तों को समय देने की बात करते हुए उन्होंने लोगों से दादी-नानी और अपने करीबी परिजनों को फोन करने का भी आग्रह किया. पीएम का यह संदेश ऐसे समय आया है जब देश के कई राज्यों में गर्मी का असर लगातार बढ़ रहा है और लोग तपिश से बेहाल हैं. डॉक्टर भी इस मौसम में लोगों को शरीर में पानी की कमी न होने देने, हल्का भोजन करने और दोपहर की तेज धूप से बचने की सलाह दे रहे हैं.

देश के नागरिकों से पीएम मोदी की अपील

पीएम ने कहा कि देश के अलग-अलग हिस्सों में पारा लगातार चढ़ रहा है, जिसकी वजह से लोगों को रोजमर्रा की जिंदगी में कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. उन्होंने नागरिकों से आग्रह किया कि इस मौसम में लापरवाही बिल्कुल न बरतें और खुद को सुरक्षित रखने के लिए जरूरी सावधानियां अपनाएं.  पीएम मोदी के इस पोस्ट को सोशल मीडिया पर बड़ी संख्या में लोग साझा कर रहे हैं. कई यूजर्स ने इसे सिर्फ मौसम से जुड़ी सलाह नहीं, बल्कि रिश्तों और इंसानियत को याद दिलाने वाला संदेश भी बताया.

प्यासे व्यक्ति को पानी जरूर पिलाएं

पीएम मोदी ने लोगों को सलाह दी कि तेज गर्मी के दौरान शरीर में पानी की कमी न होने दें. घर से बाहर निकलते समय अपने साथ पानी जरूर रखें और समय-समय पर पानी पीते रहें. उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी में छोटी-सी सावधानी भी बड़ी राहत दे सकती है. पीएम ने इस दौरान सामाजिक संवेदनशीलता पर भी जोर दिया. उन्होंने कहा कि अगर रास्ते में कोई जरूरतमंद या प्यासा व्यक्ति दिखे तो उसे एक गिलास पानी जरूर पिलाएं. उनका मानना है कि इस तरह की छोटी मदद भी किसी के लिए बड़ी राहत बन सकती है.

पानी की व्यवस्था करने वालों की पीएम ने की सराहना

इसके साथ ही पीएम मोदी ने उन लोगों की सराहना की जो अपने घरों, दुकानों या प्रतिष्ठानों के बाहर मटके या पानी की व्यवस्था करते हैं, ताकि राह चलते लोग अपनी प्यास बुझा सकें. उन्होंने कहा कि ऐसी पहल भारतीय समाज की सेवा भावना और मानवीय संवेदनाओं को मजबूत करती है.

 

admin
Author: admin

और पढ़ें