राजधानी जयपुर समेत राजस्थान के ज्यादातर इलाकों में अचानक मौसम का मिजाज बदल गया है. शनिवार (2 मई) को दोपहर बाद से ही आसमान में बादल छा गए और फिर तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई. जयपुर में पिछले करीब दो घंटे से लगातार बारिश हो रही है. कभी हल्की फुहार तो कभी मध्यम बारिश का दौर देखने को मिला, जिससे शहर का मौसम पूरी तरह बदल गया.
बारिश से पहले तेज आंधी चली, जिसकी वजह से कई इलाकों में पेड़ और होर्डिंग्स गिरने की खबरें सामने आई हैं. कुछ जगहों पर यातायात भी प्रभावित हुआ. इसके बाद शुरू हुई बारिश ने गर्मी से परेशान लोगों को राहत जरूर दी, लेकिन कई सड़कों पर हल्का जलभराव भी देखने को मिला.
तापमान में गिरावट, लेकिन बढ़ी उमस
बारिश के चलते तापमान में अच्छी खासी गिरावट दर्ज की गई है. पिछले कुछ दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी से लोगों को राहत मिली है. हालांकि, बारिश के बाद हवा में नमी बढ़ने से उमस भी महसूस की जा रही है. यानी गर्मी से राहत तो मिली है, लेकिन उमस ने थोड़ी परेशानी भी बढ़ाई है.
मौसम विभाग के मुताबिक, यह बदलाव अभी कुछ दिन और बना रहेगा. अगले 2 से 3 दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में आंधी और बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है. इतना ही नहीं, पूरे मई महीने में करीब 10 से 12 दिन ऐसे रह सकते हैं जब मौसम इसी तरह करवट लेगा.
येलो अलर्ट जारी, सतर्क रहने की सलाह
मौसम विभाग ने राज्य के करीब 20 जिलों के लिए आंधी और बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है. लोगों को सलाह दी गई है कि तेज हवाओं और बारिश के दौरान सावधानी बरतें और अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचें.
मौसम में आए इस बदलाव का असर लोगों के मूड पर भी दिखा. सुहावने मौसम का आनंद लेने के लिए कई लोग घरों से बाहर निकलकर सड़कों और पार्कों में घूमते नजर आए. कुल मिलाकर, तपती गर्मी के बीच यह मौसम लोगों के लिए राहत भरी खबर लेकर आया है.







