गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय (जीबीयू) में 2026-27 सत्र के लिए गुरुवार (23 अप्रैल) को एडमिशन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई. इस सत्र में पांच नए कोर्सेज को शामिल किया गया है. पांच नए कोर्स के साथ जीबीयू में 152 पाठ्यक्रमों के लिए 4077 सीटों पर छात्र एडमिशन ले सकेंगे. पहली बार जीबीयू में ग्रेजुएशन और बैचलर डिग्री कोर्स में 50 प्रतिशत सीटें सीयूईटी स्कोर के आधार पर भरी जानी हैं. नोएडा—ग्रेटर नोएडा एजुकेशन सोसायटी से संबद्ध चार इंटर कॉलेजों के छात्रों को फीस में 20 प्रतिशत की छूट दी जाएगी.
किस कोर्स में कितनी सीटें?
जीबीयू के कुलपति प्रोफेसर राणा प्रताप सिंह ने बताया कि उद्योग एवं अकैडमिक की बदलती जरूरतों को ध्यान में रखते हुए पांच नए कोर्स शामिल किए गए हैं. एडवांस डिप्लोमा इन चाइल्ड गाइडेंस एंड काउंसलिंग को भारतीय पुनर्वास परिषद(आरसीआई) द्वारा अनुमोदित किया गया है. वहीं, रुड़की के सहयोग से पीजी डिप्लोमा इन हेरिटेज रेस्टोरेशन एंड मैनेजमेंट को शुरू किया गया है. साथ ही, इनदिनों बाजार में जिम ट्रेनरों की भी डिमांड है. बढ़ती मांग और प्रोफेशनल्स को तैयार करने के लिए जिम इंस्ट्रक्टर एवं जिम मैनेजमेंट को शामिल किया गया है. स्नातक के 55 कोर्सेज में 2620, स्नातकोतर के 61 कोर्सेज में 1265, तीन डिप्लोमा कोर्स में 70, लैटरल के 12 कोर्स में 20, पीएचडी के 21 कोर्स में 102 छात्र दाखिला ले सकेंगे.
कैसे मिलेगा एडमिशन?
बीएससी (ऑनर्स) क्लिनिकल साइकोलॉजी, एमबीए, एलएलएम और पीएचडी कोर्सेज में विश्वविद्यालय प्रवेश परीक्षा (जीबीयू-ईटी 2026) के माध्यम से प्रवेश दिया जाएगा. वहीं, राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय परीक्षाएं सीयूईटी, जीईई, कैट, मैट, नाटा, क्लैट के माध्यम से छात्र दाखिला प्रक्रिया में शामिल हो सकेंगे.
इन कोर्सेज की होगी पढ़ाई
सेशन 2026-27 के लिए पांच नए कोर्सेज को विश्वविद्यालय में जोड़ा गया है, जिसमें पोस्ट ग्रेजुएशन में मास्टर ऑफ साइंस (न्यूक्लियर मेडिसिन) और मास्टर ऑफ साइंस (जियोस्पेशियल डेटा साइंस) शामिल हैं. न्यूक्लियर मेडिसिन की मास्टर डिग्री दो साल की होगी और इसमें 10 सीटों पर दाखिला होंगे. वहीं, जियोस्पेशियल डेटा साइंस की मास्टर डिग्री दो साल की होंगी. इसके अलावा डिप्लोमा इन चाइल्ड गाइडेंस एंड काउंसलिंग के एक साल के कोर्स के लिए 25 और पीजी डिप्लोमा इन हेरिटेज रेस्टोरेशन एंड मैनेजमेंट के एक साल के कोर्स के लिए 25 सीटें निर्धारित की गई है. इसके अलावा जिम इंस्ट्रक्टर एवं जिम मैनेजमेंट में फाउंडेशन कोर्स की अवधि तीन माह की होगी और 20 सीटें निर्धारित की गई हैं.








