Search
Close this search box.

सिर्फ इतनी सी थी Asha Bhosle की आखिरी इच्छा, मरने से पहले खुद बताई थी अपनी लास्ट विश

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

 देश और दुनिया के संगीत प्रेमियों के साथ पूरा देश लेजेंडरी सिंगर आशा भोसले के निधन से आहत है. आपको बता दें कि हिंदी सिनेमा और भारतीय संगीत की दिग्गज गायिका आशा भोसले का 92 वर्ष की उम्र में इस दुनिया को अलविदा कहकर चली गई हैं. उन्होंने मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में अंतिम सांस ली, जहां उन्हें 11 अप्रैल की रात गंभीर हालत में भर्ती कराया गया था.

शुरुआती खबरों में उनके निधन का कारण हार्ट अटैक बताया गया था, लेकिन बाद में परिवार की ओर से इसे गलत बताया गया. उनकी पोती ने स्पष्ट किया कि उन्हें छाती में इंफेक्शन था. इलाज के दौरान उनकी हालत बिगड़ती चली गई और अंत में डॉक्टरों ने मल्टिपल ऑर्गन फेलियर को उनके निधन का कारण बताया.

आखिरी सांस तक संगीत से जुड़ी रहीं

92 वर्ष की उम्र में भी आशा भोसले पूरी तरह सक्रिय थीं और संगीत से उनका जुड़ाव आखिरी समय तक बना रहा. उन्होंने भले ही बॉलीवुड से दूरी बना ली थी, लेकिन संगीत प्रोजेक्ट्स और लाइव परफॉर्मेंस के जरिए वह लगातार अपने फैंस से जुड़ी रहीं. करीब 90 साल की उम्र में भी उन्होंने स्टेज पर लाइव परफॉर्म कर सभी को हैरान कर दिया था. उनकी आवाज में वही मिठास और ऊर्जा बनी हुई थी, जिसने दशकों तक श्रोताओं को मंत्रमुग्ध किया.

अधूरी रह गई आखिरी इच्छा

करीब एक साल पहले अमृता राव और आरजे अनमोल के पॉडकास्ट में उन्होंने अपनी एक भावुक इच्छा जाहिर की थी. उन्होंने कहा था, “मेरी इच्छा है कि मैं गाते-गाते ही इस दुनिया से जाऊं. गाना ही मेरी जिंदगी है. बचपन से गा रही हूं और पूरी जिंदगी इसी में बीत गई है.” उन्होंने आगे कहा था, “फिल्म इंडस्ट्री में 82 साल हो गए हैं, और अब यही चाहती हूं कि गाते-गाते मेरा दम निकले. यही मेरे लिए सबसे बड़ी खुशी होगी.” दुर्भाग्यवश, उनकी ये आखिरी इच्छा अधूरी रह गई.

आखिरी बार इस मौके पर आई थीं नजर

आशा भोसले को आखिरी बार 5 मार्च 2026 को मुंबई में आयोजित एक निजी समारोह में देखा गया था. यह मौका था क्रिकेटर अर्जुन तेंदुलकर (सचिन तेंदुलकर के बेटे) और सानिया चंडोक की शादी का. बताया जा रहा है कि पिछले कुछ महीनों से उनकी तबीयत ठीक नहीं थी और 11 अप्रैल की रात उनकी स्थिति अचानक गंभीर हो गई.

अंतिम दर्शन और अंतिम संस्कार

आशा भोसले के पार्थिव शरीर को 13 अप्रैल को सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक उनके घर पर अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा. इसके बाद शाम 4 बजे शिवाजी पार्क में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा.

देशभर में शोक की लहर

उनके निधन की खबर से पूरे देश में शोक की लहर दौड़ गई है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित कई बड़ी हस्तियों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी है. इसके अलावा अक्षय कुमार, उर्मिला मातोंडकर, रणदीप हुड्डा और राजपाल यादव समेत कई सेलेब्रिटीज ने सोशल मीडिया पर शोक व्यक्त किया.

अमर रहेगी आवाज

आशा भोसले का योगदान भारतीय संगीत इतिहास में अमिट है. उन्होंने हजारों गाने गाकर कई पीढ़ियों को अपनी आवाज का दीवाना बनाया. उनका जाना सिर्फ एक महान गायिका का अंत नहीं, बल्कि भारतीय संगीत के एक स्वर्णिम युग का अध्याय बंद होना है.

admin
Author: admin

और पढ़ें