उत्तर प्रदेश के मथुरा स्थित वृंदावन में शुक्रवार 10 अप्रैल को बड़ा हादसा हुआ है, यहां यमुना नदी में स्टीमर पलटने से 10 लोगों की मौत हो गई. जबकि इस हादसे में कई लोगों घायल होने की भी जानकारी है. वहीं अब इस हादसे से जुड़े दो वीडियो सामने आए हैं. इनमें से एक वीडियो हादसे का है, जबकि दूसरा वीडियो हादसे के पहले का है.
दरअसल, मथुरा के वृंदावन में यमुना नदी में शुक्रवार को नौका विहार के करते समय नदी में नाव पलटने से बड़ा हादसा हो गया. अब इस हादसे के वक्त का एक वीडियो भी सामने आया है. सोशल मीडिया पर वायरल हादसे का वीडियो विचलित करने वाला है. वीडियो में लोग नदी में डूबते हुए दिखाई दे रहे हैं. नदी डूब रहे लोग मदद की गुहार लगा रहे हैं. इस वीडियो में दस से अधिक लोग अपनी जिंदगी बचाने के लिए संघर्ष करते नजर आ रहे हैं. हालांकि, नाव में सवार होकर कई अन्य लोग उनकी मदद करते भी नजर आ रहे हैं.
हादसे के पहले भजन-कीर्तन करते दिखे लोग
वहीं, मथुरा यमुना नदी हादसे से जुड़ा एक और वीडियो भी सामने आया है. दूसरा वीडियो हादसे के पहले का है, वीडियो में साफ तौर पर दिखाई दे रहा है कि नाव में कई लोग सवार हैं और नौका विहार आनंद ले रहे हैं. वीडियो में यह भी देखा जा सकता है कि नाव में बैठे लोग भगवान में लीन नजर आ रहे है.
भगवान के भजनों के साथ नौका विहार का ले रहे इन लोगों को जरा भी इस बात का अंदाजा नहीं था कि आज नियति ने इनके भाग्य में क्या लिख रखा है. भजन कीर्तन कर रहे लोगों की नाव अचानक यमुना नदी में पलट गई. हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई.
अब तक 10 शव किए जा चुके बरामद
आपको बता दें कि मथुरा के वृंदावन में शुक्रवार को यमुना नदी में नौका विहार के दौरान स्टीमर पलटने से यह हादसा हुआ है. पंजाब से श्रद्धालु नौका विहार के दौरान भजन-कीर्तन भी करते दिखाई दिए. वहीं, इस हादसे में अभी तक 5 लोग लापता बताए जा रहे हैं. जबकि महिला और पुरुषों को मिलाकर कुल 10 शव निकाले जा चुके हैं. नाव में कुल 37 लोगों के सवार होने की जानकारी सामने आई है, वहीं 5 लापता लोगों की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन जारी है.









