Search
Close this search box.

अकवान ने बदली दिशा, 110 KM रफ्तार की से बढ़ने की संभावना, ओडिशा में 72 हजार लोगों को हटाया गया

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

भारतीय मौसम विभाग(IMD) ने पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर मौजूद भीषण चक्रवाती तूफान “अकवान” के तीव्र होने की खबर दी है. अकवान पिछले 6 घंटों के दौरान 17 किमी प्रति घंटे की गति से उत्तर की ओर बढ़ा है.

IMD के अनुसार, 19 नवंबर 2026 को 11:30 बजे (IST) ‘अकवान’ उसी क्षेत्र में, 15.4° उत्तर अक्षांश और 85.2° पूर्व देशांतर के पास स्थित था. यह नरसापुर (आंध्र प्रदेश) से लगभग 390 किमी पूर्व-दक्षिण-पूर्व, कलिंगपट्टनम (आंध्र प्रदेश) से 350 किमी दक्षिण-दक्षिण-पूर्व, गोपालपुर (ओडिशा) से 430 किमी दक्षिण, पुरी (ओडिशा) से 490 किमी दक्षिण और चेन्नई (तमिलनाडु) से 600 किमी पूर्व-उत्तर-पूर्व में है.

चक्रवात का रुख किसी अन्य दिशा में था, लेकिन बुधवार से इसने अपना रास्ता बदल लिया और ओडिशा की ओर बढ़ने लगा. भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, चक्रवाती तूफान के ओडिशा के गंजाम जिले के गोपालपुर के आसपास तट से टकराने की सबसे अधिक संभावना है.

20 नवंबर को ओडिशा और आंध्र तट से टकराने की संभावना

इसके उत्तर और उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने और 20 नवंबर 2026 की दोपहर तक नरसापुर और पुरी के बीच, गोपालपुर के निकट, उत्तरी आंध्र प्रदेश, यनम और दक्षिणी ओडिशा के तटों को पार करने की संभावना है. इस दौरान हवा की अधिकतम गति 90-100 किमी प्रति घंटा रहने का अनुमान है, जो झोंकों के साथ 110 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.

IMD ने तटीय आंध्र प्रदेश, यनम और ओडिशा के क्षेत्रों के लोगों को सतर्क रहने की हिदायत दी है और मौसम विभाग की नवीनतम आधिकारिक सलाह का पालन करने की सलाह दी है.

आंध्र प्रदेश सरकार की एडवाइजरी

आंध्रप्रदेश उत्तरी तटीय जिलों श्रीकाकुलम, विजयनगरम, विशाखापत्तनम, काकीनाडा और गोदावरी जिलों को अगले 24 से 36 घंटों तक सतर्क रहने की सलाह दी गई है.

प्रशासन की ओर से जारी एडवाइजरी-

* मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है.

* निचले इलाकों और तटीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने तथा प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है.

* जिला प्रशासन जलाशयों, संवेदनशील मंडलों और तटीय क्षेत्रों की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है.

मौसम विभाग ने कहा कि तूफान की स्थिति पर चौबीसों घंटे निगरानी रखी जा रही है. तूफान के तट के और करीब पहुंचने के साथ ही आगे की जानकारी जारी की जाएगी.

ओडिशा में भी तैयारी

ओडिशा में चक्रवात ‘अकवान’ के खतरे को देखते हुए राज्य सरकार ने बड़े पैमाने पर बचाव और राहत की तैयारियां शुरू कर दी हैं. अब तक करीब 72 हजार लोगों को सुरक्षित स्थानों और राहत शिविरों में पहुंचाया जा चुका है.

आईएमडी ने केंद्रापड़ा, कंधमाल, जगतसिंहपुर, गजपति, गंजाम और पुरी सहित छह जिलों में अत्यधिक भारी बारिश का पूर्वानुमान जताया है. इसके अलावा दक्षिणी और तटीय ओडिशा के कई अन्य जिलों तथा मयूरभंज में भारी से बहुत भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. मुख्य सचिव ने बताया कि प्रशासन ने राज्य में 4,243 संवेदनशील स्थानों की पहचान की है. प्रभावित लोगों के लिए करीब 8,000 राहत शिविर तैयार किए गए.

admin
Author: admin

और पढ़ें