उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के प्रबुद्ध सम्मेलन के दौरान विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (UGC) के समानता संबंधी विनियमों को लेकर उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य से सवाल पूछना पार्टी के एक कार्यकर्ता को भारी पड़ गया. आरोप है कि बीजेपी के एक पार्षद ने कार्यकर्ता की पिटाई कर दी.
पार्टी कार्यकर्ता रोहित तिवारी उर्फ काका ने सोमवार शाम दारागंज थाने में बीजेपी पार्षद विनय मिश्रा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई. यह घटना रविवार को यहां परेड ग्राउंड में आयोजित प्रबुद्ध सम्मेलन के दौरान हुई. रोहित तिवारी और एक अन्य व्यक्ति ने उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य से UGC के ‘उच्च शिक्षा संस्थानों में समानता को प्रोत्साहन’ संबंधी विनियमों को लेकर सवाल किया था. घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर प्रसारित हुआ. कार्यक्रम को संबोधित कर रहे मौर्य से दोनों व्यक्तियों ने पूछा, ‘आप हमारे बारे में कब बोलेंगे? कृपया UGC के बारे में बोलिए.’ इस पर मौर्य ने कहा, ‘अभी आप चुप रहो. चलो, मैं सब कुछ बोलूंगा. मैं कोई चीज बोलने से कभी नहीं रुकता हूं.’
विनय कुमार मिश्रा ने क्या कहा?
वहीं UGC के मुद्दे पर डिप्टी CM केशव प्रसाद मौर्य के प्रबुद्ध सम्मेलन के दौरान कथित थप्पड़ कांड को लेकर हुए विवाद पर, आरोपी विनय कुमार मिश्रा का ने प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि 1 तारीख को प्रयागराज के परेड ग्राउंड में एक सम्मेलन आयोजित किया गया था, जिसमें उत्तर प्रदेश के डिप्टी CM केशव प्रसाद मौर्य मुख्य अतिथि थे. जैसा कि आप जानते हैं, भारतीय संस्कृति में ‘अतिथि देवो भव:’ की परंपरा है.
मिश्रा ने कहा कि जब हम किसी कार्यक्रम में अतिथि को आमंत्रित करते हैं, तो उनका सम्मान और गरिमा बनाए रखना हमारा कर्तव्य है. जब डिप्टी CM बोल रहे थे और समुदाय से जुड़े मुद्दों पर बात करने वाले थे, तभी रोहित तिवारी – जो मंच से पहले ही अपनी बात रख चुके थे – एक कैमरामैन के साथ मंच के सामने आए और उनसे UGC के मुद्दे पर बोलने के लिए कहा. इस पर डिप्टी CM ने कहा, ‘मैं बोलूंगा; मुझे बोलने से कोई नहीं रोक सकता.’ वे इस मुद्दे पर बात करने के लिए तैयार थे. अपना भाषण पूरा करने के बाद, उन्होंने ज्ञापन भी स्वीकार किया और हमें भरोसा दिलाया कि वे इस मामले को अपने स्तर पर राज्य सरकार और केंद्र सरकार के सामने उठाएंगे.








