गूगल ने भारत के Chrome यूजर्स को नया सरप्राइज दे दिया है. कंपनी ने अपने Gemini AI के Auto Browse फीचर को रोल आउट करना शुरू कर दिया है. इस फीचर की सहायता से Gemini Chrome ब्राउजर में सिर्फ सवालों के जवाब देने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि यूजर के कहने पर वेबसाइट खोलने, जानकारी जुटाने, अलग-अलग ऑप्शन्स की तुलना करने और कुछ काम खुद करने में भी मददगार होगा. गूगल क्रोम की यह सुविधा अभी भारत में सभी यूजर्स के लिए जारी नहीं किया गया है, अभी सिर्फ Google AI Pro और Google AI Ultra सब्सक्राइबर्स भी इस सुविधा का लाभ उठा सकते हैं.
गूगल जेमिनी के Auto Browse की खास बात यह है कि यूजर को हर वेबसाइट पर जाकर अलग अलग काम करने की जरूरत नहीं होगी है. वह Gemini को अपनी बोल चाल की भाषा में काम बता सकता है और फिर जेमिनी ब्राउजर में उस काम को पूरा करने के लिए जरूरी कदम उठा सकता है. मसलन, अगर किसी को यात्रा के लिए होटल खोजना है तो वह Gemini से अलग अलग होटल के दाम और ऑप्शन्स की तुलना करा सकता है.
इसी तरह Gemini किसी खास जरूरत के हिसाब से प्रोडक्ट को सर्च भी कर सकता है, अलग अलग वेबसाइट से जानकारी खोज सकता है और कुछ मामलों में तो यह खरीदारी वाले सामान को शॉपिंग कार्ट में भी डाल सकता है. फॉर्म भरने जैसे काम में भी यह फीचर मदद कर सकता है.
क्रोम में ऐसे काम करता है Auto Browse
Auto Browse को इस्तेमाल करने के दौरान Gemini को ब्राउजर पर कुछ समय के लिए काम करने की अनुमति मिलती है. यह वेबसाइट खोल सकता है, लिंक पर क्लिक कर सकता है, पेज को नीचे तक स्क्रॉल कर सकता है और जरूरत पड़ने पर जानकारी भी भर सकता है. Chrome में इस दौरान Auto Browse का संकेत भी दिखाई देता है, जिससे यूजर को पता रहता है कि Gemini ब्राउजर में काम कर रहा है.
अगर काम के बीच यूजर अपना निर्देश बदलना चाहता है तो वह Gemini को नया निर्देश दे सकता है. जरूरत पड़ने पर काम को बीच में रोककर ब्राउजर का कंट्रोल खुद भी लिया जा सकता है.
हालांकि Gemini हर काम अपने आप पूरा नहीं करेगा. खासकर ऐसे काम जिनसे पैसे खर्च हो सकते हैं या जिन्हें बाद में वापस करना मुश्किल हो, उनके लिए यूजर की मंजूरी जरूरी हो सकती है. यानी किसी खरीदारी या दूसरे महत्वपूर्ण कदम से पहले Gemini पुष्टि मांग सकता है.
भारत में किन यूजर्स को मिलेगा फीचर
भारत में Auto Browse फीचर फिलहाल Google AI Pro और Google AI Ultra सब्सक्रिप्शन लेने वाले यूजर्स के लिए उपलब्ध कराया जा रहा है. यह सुविधा डेस्कटॉप के साथ Android पर भी उपलब्ध है. Google ने Chrome में Gemini की सुविधाओं को धीरे धीरे बढ़ाया है. शुरुआत में Gemini Chrome में एक साइड पैनल के रूप में आया था, जहां यूजर खुली हुई वेबसाइट से जुड़े सवाल पूछ सकते थे.
Auto Browse के आने के बाद Gemini की भूमिका और बढ़ गई है. अब यह सिर्फ किसी वेबपेज की जानकारी समझाने के बजाय यूजर के निर्देश पर ब्राउजर में कई चरणों वाला काम भी कर सकता है.
Chrome में Auto Browse कैसे इस्तेमाल करें
सबसे पहले Chrome का लेटेस्ट वर्जन पर जाएं और राइट साइड Gemini का आइकन देखें. इस आइकन पर क्लिक करने के बाद Gemini का साइड पैनल ओपन हो जाएगा. अगर आपके अकाउंट में Auto Browse की सुविधा मौजूद है तो इसका ऑप्शन यहां दिखाई देगा.
इसके बाद आप नार्मल भाषा में अपना काम लिखकर Gemini को दे सकते हैं. Gemini दिए गए निर्देश के अनुसार वेबसाइट पर काम शुरू कर देगा. काम के दौरान आप उसे नया निर्देश दे सकते हैं, प्रक्रिया रोक सकते हैं या जरूरत पड़ने पर ब्राउजर का कंट्रोल वापस अपने हाथ में ले सकते हैं.








