नई दिल्ली में मंगलवार को कांग्रेस कार्यसमिति यानी CWC की बैठक हुई. बैठक में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR, चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर पार्टी की आगे की रणनीति पर चर्चा हुई.
सूत्रों के मुताबिक, बैठक में राहुल गांधी ने नेताओं से SIR के मुद्दे पर मजबूती और भरोसे के साथ आगे बढ़ने को कहा. उन्होंने नेताओं से जमीन पर उतरकर जनता के बीच जाने की अपील की. वहीं, प्रियंका गांधी ने कथित तौर पर ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग रखी.
प्रियंका गांधी ने कहा- ज्ञानेश कुमार को इस्तीफा देना होगा
बैठक में प्रियंका गांधी ने भी मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के मुद्दे पर अपनी बात रखी. सूत्रों के मुताबिक, उन्होंने कहा कि ज्ञानेश कुमार को इस्तीफा देना होगा. उन्होंने सवालिया अंदाज में कहा कि ज्ञानेश कुमार आखिर इस्तीफा कैसे नहीं देंगे.
कांग्रेस पहले से ही ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग कर रही है. पार्टी ने SIR और मतदाता सूची से जुड़े मुद्दों को लेकर चुनाव आयोग के खिलाफ अपना विरोध तेज किया है. CWC बैठक भी इसी मुद्दे पर पार्टी की आगे की रणनीति तय करने के लिए बुलाई गई थी.
राहुल गांधी बोले- भरोसे के साथ आगे बढ़ना होगा
सूत्रों के मुताबिक, राहुल गांधी ने बैठक में कहा कि सभी नेताओं को भरोसे के साथ आगे बढ़ना होगा. SIR के मुद्दे पर मजबूती के साथ लड़ाई लड़नी होगी. उन्होंने कहा कि पार्टी नेताओं को पूरे आत्मविश्वास के साथ जमीन पर उतरना होगा और जनता के बीच जाकर इस मुद्दे को उठाना होगा.
राहुल गांधी ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर भी गंभीर आरोप लगाए. सूत्रों के मुताबिक, उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के संरक्षण के बिना ज्ञानेश कुमार काम नहीं कर सकते. राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि ज्ञानेश कुमार जो कुछ भी कर रहे हैं, उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह का संरक्षण मिल रहा है.
‘पहले 20 फीसदी भरोसा करते थे, अब 80 फीसदी’
सूत्रों के मुताबिक, राहुल गांधी ने मतदाता सूची में कथित गड़बड़ी के मुद्दे पर भी अपनी बात रखी. उन्होंने कहा कि पहले लोग ‘चोरी’ के मुद्दे पर 20 फीसदी भरोसा करते थे, लेकिन अब देश में 80 फीसदी लोग भरोसा कर रहे हैं कि चोरी हो रही है. यहां राहुल गांधी ने चुनाव प्रक्रिया और मतदाता सूची से जुड़े कांग्रेस के आरोपों के संदर्भ में यह बात कही.
कांग्रेस ने रखीं पांच प्रमुख मांगें
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने CWC में कांग्रेस की पांच प्रमुख मांगें भी रखीं. उन्होंने मतदाता सूची में होने वाले बड़े बदलावों का पूरा डेटा सार्वजनिक करने की मांग की. जिन मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए हैं, उन्हें इसकी जानकारी देने और अपील का मौका देने की बात कही.
इसके अलावा राजनीतिक दलों को मतदाता सूची और उससे जुड़े जरूरी आंकड़े सरल प्रारूप में समय पर उपलब्ध कराने, गंभीर गड़बड़ियों की स्वतंत्र और समयबद्ध जांच कराने तथा चुनाव प्रक्रिया से जुड़े महत्वपूर्ण आंकड़ों और फैसलों में पारदर्शिता की मांग की गई.








