टीम इंडिया के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर सहवाग इन दिनों दिल्ली प्रीमियर लीग (DPL 2026) में वेस्ट दिल्ली लायंस के लिए खेल रहे हैं. टूर्नामेंट के 35वें मुकाबले में आर्यवीर ने 14 गेंदों में 4 चौकों की मदद से 22 रनों की पारी खेली. उनकी बैटिंग में फैंस को सहवाग की झलक देखने को मिली. आर्यवीर ने एक शॉट तो ऐसा खेला कि मानो खुद दिग्गज सहवाग मैदान पर उतर गए हों.
सहवाग को लेकर यह बात काफी मशहूर है कि वह बैटिंग के वक्त अपना ध्यान केंद्रित करने के लिए गाना गाया करते थे. खुद सहवाग ने इस बात का खुलासा किया था. तो क्या पिता की तरह आर्यवीर को भी बैटिंग के वक्त गाना गाने की आदत है? इस बारे में आर्यवीर ने इंटरव्यू में खुलासा किया.
पिता के जैसा शॉट, वीडियो वायरल
आर्यवीर ने हूबहू पिता के जैसे बैकफुच पंच खेला, जिसका वीडियो सामने आया. DPL ने सोशल मीडिया पर आर्यवीर और उनके पिता सहवाग के वीडियो शेयर किए. ऊपर की साइड आर्यवीर का शॉट दिखा और नीचे की साइड दिग्गज सहवाग का शॉट दिखा. देखने में ऐसा ही प्रतीत हो रहा है कि दोनों शॉट एक ही व्यक्ति ने खेले हों. दोनों में बिल्कुल भी कोई फर्क नजर नहीं आ रहा है.
बैटिंग के वक्त आर्यवीर को भी गाना गाने की आदत?
मैच के बाद दिए इंटरव्यू में आर्यवीर से कुछ सवाल किए गए. इसमें एक सवाल उनसे पूछा गया कि पिता सहवाग आपको क्या सलाह देते हैं? इसका जवाब देते हुए आर्यवीर ने कहा कि पापा ने कहा है कि सिर्फ बॉल पर रिएक्ट करना है, गेंदबाज को नहीं देखना है. बॉल के हिसाब से खेलो.
आगे गाना गाने को लेकर आर्यवीर ने कहा, “वो गाना गाने की भी सलाह देते रहते हैं. लेकिन अभी मैं ऐसा (गाना गाना) नहीं कर रहा हूं.”
वेस्ट दिल्ली लायंस के लिए आर्यवीर का डेब्यू
आर्यवीर पिछले यानी 2025 के दिल्ली प्रीमियर लीग में सेंट्रल दिल्ली किंग्स के लिए खेलते हुए नजर आए थे. इस सीजन वह वेस्ट दिल्ली लायंस का हिस्सा हैं. न्यू दिल्ली टाइगर्स के खिलाफ खेले गए मुकाबले में आर्यवीर ने नई टीम के लिए डेब्यू किया. यह सीजन में उनका पहला मुकाबला था.






