उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के पेनेसीया अस्पताल में आग लगने की खबर है. बताया जा रहा है कि अस्पताल में एसी फटने से आग लग गई. इस घटना में 14 लोग घायल हो गए हैं. जबकि एक व्यक्ति की मौत की खबर है. हालांकि प्रशासन ने अभी तक किसी के मारे जाने की पुष्टि नहीं की है. फिलहाल मामले की जांच की जा रही है.
आईसीयू और आसपास के वार्डों में फैला धुआं
बताया जा रहा है कि पेनेसिया अस्पताल में एसी फटने से आग लग गई. उसके बाद धुआं आईसीयू और आसपास के वार्डों में तेजी से फैल गया. जिससे वहां भर्ती मरीजों को सांस लेने में दिक्कत होने लगी. हालात को गंभीरता से लेते हुए अस्पताल प्रशासन ने वहां मौजूद मरीजों को तुरंत बाहर निकालना शुरू कर दिया. उसके बाद उन्हें देहरादून के दूसरे अस्पतालों में शिफ्ट किया गया.
क्या बोले गढ़वाल कमिश्नर?
देहरादून के पेनेसीया अस्पताल में आग लगने की घटना के बाद गढ़वाल कमिश्नर विनय शंकर पांडे का बयान भी सामने आया. उन्होंने बताया कि मौके पर कोई भी व्यक्ति झुलसा हुआ नहीं मिला है और न ही किसी को आग से सीधी चोट आई है. इसके साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि धुएं के चलते लोगों को परेशानी हुई, जिसके चलते उन्हें इलाज के लिए दूसरे अस्पताल में शिफ्ट किया गया है.
इस घटना के बाद जिला प्रशासन ने अस्पताल के सुरक्षा ऑडिट के निर्देश दिए हैं. इसके अलावा अस्पताल के फायर सेफ्टी उपकरणों और व्यवस्थाओं की भी जांच की जाएगी, जिससे भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृति ना हो. फिलहाल इस घटना में मारे गए व्यक्ति की पहचान नहीं हो पाई है और ना ही मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट हुई है.
एक मरीज की मौत, दो की हालत गंभीर
जानकारी के मुताबिक, एसी में धमाका होने के बाद अस्पताल में आग लग गई. इस हादसे में 55 वर्षीय एक मरीज की मौत हुई है. जबकि कई मरीजों को दूसरे अस्पतालों में शिफ्ट किया गया है. जहां उनका इलाज चल रहा है. वहीं 6 मरीजों को कैलाश अस्पताल में लाया गया है. जहां दो मरीजों की हालत गंभीर बनी हुई है. बताया जा रहा है कि हादसे में कई पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं.








