केरल विधानसभा चुनाव 2026 के नतीजों के लिए वोटों की गिनती जारी है और अब रुझान धीरे-धीरे साफ होने लगे हैं. 140 सीटों वाले इस राज्य में कांग्रेस 59 सीटों पर आगे चल रही है, जबकि सीपीआई (एम) 30 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है. इन शुरुआती आंकड़ों से लगता है कि कांग्रेस के नेतृत्व वाला गठबंधन मजबूत स्थिति में है. खास बात यह है कि मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन अपनी ही सीट पर पीछे चल रहे हैं, जिससे मुकाबला और ज्यादा चर्चा में आ गया है.
इसी बीच कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा कि इस समय सबसे जरूरी बात सरकार और नीतियों में बदलाव की है, ताकि केरल को फिर से आगे बढ़ाया जा सके. उन्होंने कहा कि राज्य की आर्थिक स्थिति को सुधारना बहुत जरूरी है और केरल को निवेश के लिए फिर से एक अच्छा स्थान बनाना होगा. थरूर ने यह भी कहा कि युवाओं के लिए राज्य में ही रोजगार के मौके बढ़ाने होंगे, ताकि उन्हें बाहर जाने की जरूरत न पड़े.
पार्टी कार्यकर्ताओं की मेहनत की तारीफ
शशि थरूर कांग्रेस दफ्तर भी पहुंचे, जहां उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं की मेहनत की तारीफ की. उन्होंने कहा कि यह बढ़त कार्यकर्ताओं की कड़ी मेहनत का नतीजा है और चारों तरफ जश्न का माहौल है. जब उनसे मुख्यमंत्री चेहरे को लेकर सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा कि यह फैसला जीते हुए विधायक करेंगे, वह खुद पार्टी के लिए काम कर रहे हैं. उन्होंने भरोसा जताया कि आगे के रुझानों में कांग्रेस और उसके सहयोगियों की स्थिति और मजबूत हो सकती है और बेहतर बहुमत की तस्वीर सामने आएगी.








