विराट कोहली ने एक बार फिर बता दिया कि दुनिया उन्हें चेज मास्टर क्यों कहती है. उन्होंने शुक्रवार को गुजरात टाइटंस के खिलाफ 81 रनों की शानदार पारी खेली, जिसकी मदद से RCB ने 206 रनों के लक्ष्य को 7 गेंद शेष रहते हासिल कर लिया. 184.09 की स्ट्राइक रेट से खेली इस पारी में कोहली ने 4 छक्के लगाए. पहला छक्का लगाते ही उन्होंने इतिहास रच दिया था, वह आईपीएल में 300 छक्के लगाने वाले तीसरे खिलाड़ी बन गए हैं. आईपीएल में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले टॉप-5 बल्लेबाजों में एमएस धोनी का भी नाम है.
शुक्रवार को हुए मैच की बात करें तो गुजरात टाइटंस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 205 रनों का बड़ा स्कोर खड़ा किया था. तीसरे ओवर में जैकब बेथेल के रूप में RCB का पहला विकेट गिरा, उसके बाद विराट कोहली और देवदत्त पडिक्कल ने 115 रनों की साझेदारी कर मैच अपनी टीम के लिए बना दिया. हालांकि एक अफसोस ये रहा कि कोहली अपना शतक पूरा नहीं कर सके. 14वें ओवर में जेसन होल्डर की फुलटॉस गेंद पर वह बोल्ड हो गए.
IPL में किसके लगाए हैं सबसे ज्यादा छक्के?
वेस्टइंडीज के विस्फोटक बल्लेबाज क्रिस गेल के नाम आईपीएल में सबसे ज्यादा छक्के हैं. उन्होंने 142 मैचों में कुल 357 छक्के लगाए हैं. आईपीएल में उनके नाम 6 शतक और 31 अर्धशतक हैं. आईपीएल इतिहास में सबसे बड़ी व्यक्तिगत पारी भी उनके नाम है, उन्होंने RCB के लिए खेलते हुए 175 रन नाबाद बनाए थे.
2. रोहित शर्मा
क्रिस गेल के बाद आईपीएल में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज रोहित शर्मा हैं, जिन्होंने अपनी कप्तानी में मुंबई इंडियंस को 5 बार चैंपियन बनाया है. रोहित ने डेक्कन चार्जर्स और मुंबई इंडियंस के लिए कुल 276 मैचों में 310 छक्के लगाए हैं. वह विराट कोहली से बहुत ज्यादा आगे नहीं हैं.
3. विराट कोहली
विराट कोहली आईपीएल के पहले संस्करण से रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए खेल रहे हैं. उन्होंने 274 मैचों में 303 छक्के लगाए हैं. आईपीएल में वह 8 शतक लगा चुके हैं, जो किसी एक बल्लेबाज द्वारा सबसे ज्यादा है. वह शुक्रवार को अपनी 9वीं सेंचुरी से चूक गए.
4. एमएस धोनी
महेंद्र सिंह धोनी आईपीएल में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में चौथे नंबर पर है. वह CSK और RPS के लिए 278 मैच खेल चुके हैं, जिसमें उन्होंने कुल 264 छक्के लगाए हैं. IPL 2026 में वह अभी तक एक भी मैच नहीं खेले हैं. संभावना है कि रविवार को गुजरात टाइटंस के खिलाफ वह खेल सकते हैं.
5. एबी डिविलियर्स
दक्षिण अफ्रीका के पूर्व खिलाड़ी एबी डिविलियर्स लिस्ट में पांचवें नंबर पर हैं, जो दिल्ली कैपिटल्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए कुल 184 मैच खेले. इसमें उन्होंने 251 छक्के लगाए, वह अब लीग क्रिकेट से भी संन्यास ले चुके हैं.








