आज (25 अप्रैल) राजस्थान रॉयल्स (RR) और सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के बीच आईपीएल 2026 का 36वां मैच खेला जाएगा. जयपुर में खेले जाने वाले मुकाबले से पहले एक सवाल तेज हो चुका है कि क्या आज ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज पैट कमिंस (Pat Cummins) हैदराबाद के लिए खेलते हुए नजर आएंगे? यहां आपको इसी सवाल का जवाब मिलेगा.
इंजरी के कारण कमिंस ने सीजन का शुरुआती फेस मिस किया. हालांकि अब वह इंडिया आ चुके हैं और फ्रेंचाइजी के कैंप से भी जुड़ चुके हैं. इसके साथ यह भी लगभग पक्का है कि कमिंस आज राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ होने वाले मुकाबले में हैदराबाद के लिए खेलते हुए नजर आएंगे.
पैट कमिंस ने खेलने पर खुद दिया बड़ा हिंट
कमिंस ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर किया, जिसमें वह हैदराबाद की जर्सी में बॉलिंग प्रैक्टिस करते दिखे. हिंट सिर्फ अभ्यास में नहीं छुपा था, बल्कि उन्होंने कैप्शन से लगभग साफ कर दिया कि उनका राजस्थान के खिलाफ खेलना लगभग तय है. उन्होंने कैप्शन में लिखा, “काफी लंबा इंतजार रहा, कल फिर से इसमें शामिल होने की बहुत इच्छा है.” फ्रेंचाइजी ने भी इस कैप्शन के साथ एक पोस्ट शेयर किया है.
क्या कप्तानी भी करेंगे कमिंस?
दूसरा सवाल यह है कि क्या प्लेइंग 11 में शामिल होने के साथ कमिंस टीम की कप्तानी भी करते नजर आएंगे? तो इसका जवाब ‘हां’ है. अगर कमिंस प्लेइंग 11 में आते हैं, तो उनका कप्तानी करना तय है. सीजन की शुरुआत में फ्रेंचाइजी की तरफ से दिए गए अपडेट में बताया गया था कि कमिंस की गैरमौजूदगी में ईशान किशन टीम की कमान संभालेंगे. अब तक हो चुके 7 मैचों में ईशान ही कप्तानी करते नजर आए हैं.
पैट कमिंस का आईपीएल करियर
कमिंस ने अब तक अपने आईपीएल करियर में 72 मुकाबले खेल लिए हैं. इन मैचों की 72 पारियों में बॉलिंग करते हुए 30.03 की औसत से 79 विकेट चटकाए हैं, जिसमें बेस्ट फिगर 4/34 का रहा. उनकी इकॉनमी 8.80 की रही है. इसके अलावा बैटिंग करते हुए कमिंस ने 50 पारियों में 612 रन बनाए.








