Search
Close this search box.

Rain Update: बारिश का कहर, सिस्टम सरेंडर? दरक रहे पहाड़, कांप रहे इंसान; IMD ने जारी की चेतावनी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

उत्तर से लेकर दक्षिण तक बारिश (Rain) की वजह से बर्बादी दिख रही है. मौसम विभाग (IMD) ने उत्तराखंड के कई इलाकों में अगले एक हफ्ते सावधान रहने को कहा है. यहां के अलग-अलग हिस्सों में बारिश का येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी है. इसके अलावा हिमाचल प्रदेश में भी 10 जुलाई तक बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है. दिल्ली-NCR में बीती रात अच्छी खासी बारिश देखने को मिली. सावधान अगर आप पहाडों में हैं. ऐसा हम इसलिए कह रहे हैं क्योंकि पहाड़ी राज्यों में आने वाले कुछ दिन आफत भरे साबित हो सकते हैं. हालांकि, मौसम विभाग ने पहाड़ी राज्यों के साथ-साथ मैदानी इलाकों में भी भारी बारिश की आशंका जताई है. लेकिन खतरा पहाड़ी राज्यों में ज्यादा इसलिए है क्योंकि वहां लैंडस्लाइड का दौर भी शुरू हो गया है.

आसमानी आफत की चपेट में आधा भारत!

आधा हिंदुस्तान आसमानी आफत की चपेट में है और अब मौसम विभाग ने जो आशंका जाहिर की है उससे तो यही साफ हो रहा है कि आने वाले दिनों में मानसून का कहर और तेज होगा. पहाड़ी इलाकों में बारिश का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है. एक तरफ आसमान से आफत बरस रही है तो वहीं इसी बारिश के चलते पहाड़ कांप रहे हैं. कहीं लैंड स्लाइड हो रही है तो कहीं बादल फट रहे हैं.

अगले 7 दिनों तक भारी बारिश का अलर्ट

बता दें कि लैंडस्लाइड की सबसे ज्यादा दहशत उत्तराखंड में है क्योंकि यहां अगले 7 दिनों तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तराखंड के कुमाऊं, चंपावत, बागेश्वर, पिथौरागढ़, नैनीताल और गढ़वाल के साथ-साथ चमोली, उत्तरकाशी और रुद्रप्रयाग में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है.

बारिश से 45 सड़कें पूरी तरह से छतिग्रस्त

मौसम के हालात को देखते हुए प्रशासन ने संवेदनशील इलाकों में अलर्ट जारी कर दिया है. इसके साथ-साथ इन तमाम इलाकों में सुरक्षा के इंतजामों को भी पुख्ता किया गया है. इधर हिमाचल में भी भारी बारिश का अलर्ट जारी किया. हिमाचल प्रदेश में अब तक बारिश ने जमकर कहर मचाया है. लिहाजा मौसम विभाग ने 10 जुलाई तक के लिए येलो अलर्ट जारी किया है. आपको जानकर हैरानी होगी कि हिमाचल में अब तक बारिश से 45 सड़कें पूरी तरह से छतिग्रस्त हो चुकी हैं. बिजली व्यवस्था बाधित हुई है. साथ ही अब तक 300 करोड़ से ज्यादा की संपत्ति प्रभावित हुई है.

दक्षिण भारत में भी दिखा बारिश का कहर

पहाड़ी इलाकों के अलावा देश के दक्षिणी राज्यों में भी बारिश लोगों की मुसीबतों में जमकर इजाफा कर रही है. कर्नाटक के कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं. बारिश का ये मंजर कर्नाटक के मंगलुरु के दक्षिण कन्नड इलाके का है. जहां पर कई इलाकों में बाढ़ का पानी लोगों के घरों में भी परेशानी का सबब बना हुआ है. इसके साथ-साथ लोगों के खेत-खलिहान भी पानी-पानी नजर आ रहे हैं.

इधर राजधानी दिल्ली में भी बारिश को लेकर मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है. दिल्ली के कई इलाकों में बीती रात से ही रुक-रुककर बारिश हो रही है. मौसम विभाग ने आज के लिए दिल्ली में येलो अलर्ट जारी किया है. बिहार में भी मौसम विभाग ने बारिश का अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग के मुताबिक, बिहार के पूर्वी चंपारण, पश्चिम चंपारण, गोपालगंज, सारण, मुजफ्फरपुर, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार और मधेपुरा में अगले कुछ घंटों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है.

मौसम विभाग ने भारी बारिश का पूर्वानुमान मध्य प्रदेश के 6 जिलों के लिए भी जारी किया है. इसके साथ ही 25 जिलों को लेकर भी आशंका जताई गई है कि यहां पर बारिश का दौर फिलहाल थमने के आसार नहीं हैं. लिहाजा ये माना जा रहा है आधे हिंदुस्तान में अब बारिश का कहर जमकर टूटने वाला है और अब मॉनसून पूरे शबाब के साथ लोगों की परेशानी में इजाफा करेगा.

admin
Author: admin

और पढ़ें