प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार के वैशाली में लगभग 34,470 करोड़ रुपये की लागत वाली कई बड़ी विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया. इसमें 9.76 किलोमीटर लंबे छह लेन के ‘नीतीश सेतु’ का उद्घाटन भी शामिल है. इस दौरान उन्होंने कांग्रेस पर वोट की राजनीति करने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि एनडीए के सभी घटक दलों को मिलकर समृद्ध और आत्मनिर्भर बिहार बनाने के लिए लगातार काम करना है.
जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, ‘मुझे नहीं लगता कि इतनी विशाल भीड़ को कोई भी कैमरा पूरी तरह से कैद कर पाएगा. यह जनसैलाब इस बात का जीता-जागता सबूत है कि लोगों में विकास के प्रति जागरूकता और समर्पण लगातार बढ़ रहा है. लोक आस्था का महापर्व ‘छठ’ अभी-अभी संपन्न हुआ है… और अब छठी मैया के आशीर्वाद से हम यहां विकास का उत्सव मनाने के लिए जुटे हैं.’
बिहार ने उम्मीद और भरोसे का रास्ता चुना: पीएम मोदी
पीएम मोदी ने कहा, ‘लगभग तीन दशक पहले, बिहार ने एक नया उम्मीद और भरोसे का रास्ता चुना था. दशकों तक कठिनाइयां झेलने वाले बिहार में, नीतीश जी के नेतृत्व में सुशासन के प्रति एक नया विश्वास जागा. नीतीश जी ने कई सालों तक मुख्यमंत्री के रूप में बिहार की सेवा की. अब उन्हीं के आशीर्वाद से सम्राट चौधरी और उनकी पूरी टीम इस मिशन को आगे बढ़ा रही है. इसी भावना के साथ, आज यहां हजारों करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया गया है. मुझे पूरा विश्वास है कि मेरे मित्र रामविलास जी की आत्मा जहां कहीं भी होगी, वे आज हम पर फूल बरसा रहे होंगे, क्योंकि हम उनके सपनों को साकार कर रहे हैं.’
विपक्ष पर निशाना साधते हुए पीएम मोदी ने कहा, ‘एनडीए के शासन से पहले समय कैसा होता था. तब गिनती घोटालों की होती थी, लेकिन आज बिहार में हो रहे निवेश के आंकड़े पेश किए जाते हैं. तब आंकड़े अपराधों के आते थे, अब अपराधियों पर कार्रवाई की बात आती है चर्चा में. एनडीए के शासन में विकास की होड़ दिखती है.’
पटना और वैशाली के बीच की दूरी कम हुई: पीएम मोदी
पीएम मोदी ने कहा, ‘गंगा मैया पर बने दरगाह-बिदुपुर छह-लेन केबल ब्रिज को जनता के लिए समर्पित किया गया है. इस आधुनिक ब्रिज का नाम आदरणीय नीतीश जी के सम्मान में ‘नीतीश सेतु’ रखा गया है. ये उनके सेवा और समर्पण का बिहारवासियों की तरफ से हो रहे सम्मान के प्रतीक है. इस पुल से पटना और वैशाली के बीच की दूरी और दिक्कतें कम हो गई हैं. अब फसल, फल, सब्जियां, दूध और दही को बड़े बाजारों तक पहुंचाना आसान हो जाएगा. यहां के युवाओं को पढ़ाई में, बुजुर्गों को दवाई में बहुत आसानी हो जाएगी.’








