Search
Close this search box.

जननायक एक्सप्रेस में सीट को लेकर बवाल, अब महिला और उसकी बेटियों के खिलाफ केस दर्ज

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

जननायक एक्सप्रेस में सीट को लेकर शुरू हुआ विवाद अब जीआरपी पुलिस की कार्रवाई और पुलिसकर्मियों पर लगे गंभीर आरोपों को लेकर चर्चा में है. बिहार से अपनी तीन बेटियों के साथ लुधियाना जा रही एक महिला ने जीआरपी के दो पुलिसकर्मियों पर धक्का-मुक्की करने, जबरन वीडियो बनाने और मारपीट का आरोप लगाया है.

महिला का दावा है कि इस घटना में वो घायल हो गई और उसका मंगलसूत्र भी तोड़ दिया गया. हैरानी की बात यह है कि महिला और उसकी तीन बेटियों समेत पांच लोगों के खिलाफ ही जीआरपी ने मुकदमा दर्ज कर लिया है.

पूरा मामला क्या है?

दरअसल, बिहार के शिवराजपुर की रहने वाली रूबी अपने पति शर्मा प्रसाद के परिवार के साथ छठ पूजा मनाने के बाद अपनी तीन बेटियों लक्ष्मी, खुशी और सुनीता के साथ लुधियाना लौट रही थी. इसी दौरान जननायक एक्सप्रेस में सीट को लेकर विवाद हो गया. महिला के आरोपों के मुताबिक, मुरादाबाद के पास जीआरपी के दो पुलिसकर्मी अजय कुमार और सागर अपनी परिचित दो महिला यात्रियों को सीट दिलाने का प्रयास कर रहे थे. एक महिला को सीट मिल गई, जबकि दूसरी को सीट दिलाने के दौरान कहासुनी शुरू हो गई.

आरोप है कि विवाद बढ़ने पर नजीबाबाद रेलवे स्टेशन पर महिला रूबी, उसकी तीन बेटियों और उनके पक्ष में पुलिसकर्मियों से बात कर रहे पिक्कू और चंदन को ट्रेन से उतार लिया गया. महिला का आरोप है कि जीआरपी कर्मियों ने उसका और उसकी बेटियों का वीडियो बनाना शुरू कर दिया. इसके बाद दोनों पक्षों की ओर से मोबाइल से वीडियो बनाए जाने लगे और ट्रेन में कहासुनी के साथ धक्का-मुक्की भी हुई. महिला ने आरोप लगाया कि इस दौरान उसके साथ मारपीट की गई, जिससे वो घायल हो गई और उसका मंगलसूत्र भी तोड़ दिया गया.

GRP ने मामले पर क्या कहा?

जीआरपी मुरादाबाद का इस मामले में बयान सामने आया है. GRP के अनुसार, ये मामला 18 नवंबर का है. थाना जीआरपी मुरादाबाद से दो पुलिसकर्मियों की ट्रेन संख्या 15211 जननायक एक्सप्रेस में रेलवे स्टेशन मुरादाबाद से रेलवे स्टेशन सहारनपुर तक स्कोर्ट ड्यूटी थी. ट्रेन के मुरादाबाद रेलवे स्टेशन से आगे निकलने के पश्चात स्कोर्टकर्मियों को ट्रेन के एक कोच में दो पक्षों में विवाद होने की सूचना मिली थी, जिसमें एक महिला जनरल कोच में सीट पर लेटी हुई थी, जबकि दूसरी महिला अपने बच्चे के साथ खड़ी थी. मौजूद पुलिसकर्मियों द्वारा खडी हुई महिला को सीट पर बैठाने के लिये कहा गया था. इसी दौरान महिला द्वारा वाद-विवाद करते हुए अपने साथियों के साथ पुलिसकर्मी के साथ अभद्रता, मारपीट व सरकारी कार्य में बाधा डाली. इस संबंध में थाना जीआरपी मुरादाबाद पर सुसंगत धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है और 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस अब मामले की जांच कर रही है.

admin
Author: admin

और पढ़ें