Search
Close this search box.

लंदन में बांग्लादेश की सियासी लड़ाई, अवामी लीग और NCP समर्थकों के बीच हिंसक झड़प

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

लंदन में अवामी लीग और नाहिद इस्लाम की एनसीपी के कार्यकर्ता सोमवार (16 नवंबर) को आपस में भिड़ गए. इस दौरान 5 लोग घायल हो गए, जिन्हें बाद में किंग्स कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया. ये घटना बांग्लादेश की NCP पार्टी के नेता नाहिद इस्लाम के स्वागत समारोह के बाद सोमवार रात लंदन के रोमफोर्ड में  हुई.  मेफेयर वेन्यू के बाहर हुई झड़प में सैकड़ों की संख्या में लोग जुट गए थे.

नाहिद इस्लाम ने ब्रिटेन से मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है. उन्होंने आरोप लगाया कि अवामी लीग के समर्थकों ने कार्यक्रम में आए लोगों पर हमला किया. NCP UK एलायंस ने मामले पर कहा कि विदेशों में रहने वाले बांग्लादेशी चाहे वे कहीं भी हों फासीवाद को फिर से स्थापित करने की किसी भी कोशिश के खिलाफ खड़े होंगे.

ब्रिटिश-बांग्लादेशी समुदाय में नाराजगी

ढाका ट्रिब्यून की रिपोर्ट के मुताबिक ब्रिटिश-बांग्लादेशी समुदाय के सदस्यों और प्रमुख हस्तियों ने घटना पर गहरी नाराजगी जताई है. उनका कहना है कि बांग्लादेश की राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता को लंदन तक ले आना पूरे समुदाय के लिए बेहद शर्मनाक है. चश्मदीदों के मुताबिक अवामी लीग के समर्थकों ने कार्यक्रम में आ रहे मेहमानों पर अंडे और पानी की बोतलें फेंकीं और हॉल के बाहर NCP के समर्थकों साथ उलझ पड़े.

नाहिद इस्लाम कब पहुंचे थे कार्यक्रम स्थल

प्रोथोम आलो ने बताया कि नाहिद इस्लाम दोपहर करीब 3 बजे मेफेयर हॉल पहुंचे. वे तय समय से 3 घंटे पहले पहुंच गए थे. इस वजह से प्रदर्शनकारियों के इकट्ठा होने से पहले ही वे अंदर चले गए. कार्यक्रम के बाद नाहिद मुख्य द्वार के बजाय पिछले दरवाजे से बाहर निकले. इस घटना ने ब्रिटिश-बांग्लादेशी निवासियों, नागरिक समाज के प्रतिनिधियों और कार्यक्रम में शामिल मेहमानों के बीच तीखी प्रतिक्रिया पैदा कर दी है. सांस्कृतिक आयोजक महबूबुर रहमान शिब्लू ने कहा कि इस तरह के उपद्रवी व्यवहार की पुरानी परंपरा खत्म होनी चाहिए, ताकि विदेशों में होने वाले सामुदायिक कार्यक्रमों पर सड़क पर होने वाली हिंसा का साया न पड़े.

admin
Author: admin

और पढ़ें