देश के पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ को बुधवार सुबह तबीयत बिगड़ने के बाद दिल्ली के एम्स में भर्ती कराया गया है. सुबह जब वह मॉर्निंग वॉक पर निकले थे, उसी दौरान वे अचानक बेहोश होकर गिर पड़े और कुछ मिनटों तक बेहोस ही रहे. घटना के तुरंत बाद उनके साथ मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें पीसीआर वाहन से घर पहुंचाया. इसके बाद इंस्टीट्यूट ऑफ लिवर एंड बिलीरी साइंसेज (ILBS) की मेडिकल टीम और एम्स के वरिष्ठ डॉक्टर संदीप सेठ ने मौके पर पहुंचकर उनका प्राथमिक इलाज किया. हालांकि, उनके स्वास्थ्य की स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों की सलाह पर उन्हें तुरंत एम्बुलेंस के जरिए एम्स ले जाया गया.
एम्स प्रशासन की ओर से फिलहाल उनके स्वास्थ्य को लेकर कोई आधिकारिक मेडिकल बुलेटिन जारी नहीं किया गया है. न्यूज एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, पूर्व उपराष्ट्रपति को एम्स के कार्डियो-न्यूरो सेंटर में भर्ती कराया गया है, जहां कार्डियोलॉजी विभाग की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है.
पहले भी बिगड़ी थी तबीयत
पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ इससे पहले 10 जनवरी को वॉशरूम में दो बार बेहोश हो गए थे. इसके बाद उन्हें ऑल इंडिया इंस्टिट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस (AIIMS) में भर्ती कराया था. तब जरूरी जांचों के साथ-साथ उनका एमआरआई (MRI) स्कैन भी कराया गया था. जगदीप धनखड़ ने लगातार खराब होती सेहत और डॉक्टरों की चिकित्सकीय सलाह का हवाला देते हुए भारत के 14वें उपराष्ट्रपति पद से अचानक इस्तीफा दे दिया था.
उन्होंने एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा था, ‘आदरणीय राष्ट्रपति जी, स्वास्थ्य सेवा को प्राथमिकता देने और चिकित्सीय सलाह का पालन करने के लिए मैं संविधान के अनुच्छेद 67(ए) के अनुसार तत्काल प्रभाव से भारत के उपराष्ट्रपति पद से इस्तीफा देता हूं. मैं भारत की राष्ट्रपति के प्रति उनके अटूट समर्थन और मेरे कार्यकाल के दौरान हमारे बीच बने सुखद और अद्भुत कार्य संबंधों के लिए अपनी हार्दिक कृतज्ञता व्यक्त करता हूं.’ उन्होंने आगे कहा कि मैं प्रधानमंत्री और सम्मानित मंत्रिपरिषद के प्रति अपनी गहरी कृतज्ञता व्यक्त करता हूं.







