कांग्रेस नेता सोनिया गांधी ने अपनी किताब बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव में खुद के प्रधानमंत्री न बनने को लेकर खुलासा किया है. उन्होंने प्रधानमंत्री बनने के लिए अपनी पार्टी की अपील को ठुकरा दिया था. उन्होंने अब खुद बताया है कि उनके इस फैसले के पीछे क्या वजहें थीं.
देश का प्रधानमंत्री न बनने के फैसले को लेकर उन्होंने अपनी बुक में लिखा, “मेरे मन से संदेह का आखिरी अंश भी अचानक दूर हो गया. मुझे लगा जैसे मैं खुद से कह रही हूं सोनिया अपने प्रति ईमानदार रहो. तुम हमेशा से यह जानती रही हो. बस, इसे छोड़ दो.”
द इंंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, उन्होंने कहा कि चुनाव से कुछ महीने पहले मैंने और मेरे बच्चों ने इस बात पर चर्चा की थी कि क्या मैं प्रधानमंत्री बन सकती हूं. उनमें से एक ने मुझसे सीधे पूछ लिया कि अगर हमारी पार्टी जीत जाती है, तो क्या मैं यह पद स्वीकार करूंगी? मैंने नाराजगी के साथ कहा, “बिल्कुल नहीं.” उन्होंने फिर पूछा, “क्या आप पक्का कह रही हैं?” मैंने जोर देकर कहा, “मैं बिल्कुल स्पष्ट हूं.”
राहुल और प्रियंका को लेकर क्या कहा
उन्होंने बताया कि राहुल और प्रियंका दोनों में से किसी को भी यह नहीं लगा कि मुझे प्रधानमंत्री बनना चाहिए. उन्होंने अपनी दादी की हत्या और अपने पिता की बेरहमी से की गई हत्या का गहरा सदमा झेला था. उनके मन में इस पद पर रहने का मतलब सीधे तौर पर बहुत ज्यादा खतरे से जुड़ा था. उन्हें राहत मिली और मुझे भी हल्का महसूस हुआ, क्योंकि पहली बार मैंने इस सवाल पर खुलकर अपनी राय रखी थी और बात वहीं खत्म हो गई.
इस बारे में कभी किसी से बात नहीं की- सोनिया गांधी
सोनिया गांधी ने कहा कि मैंने इसके बारे में किसी और से कभी कोई बात नहीं की. पूरे चुनाव के दौरान जब भी मुझसे सार्वजनिक रूप से यह सवाल पूछा गया, तो मैंने कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया. हम अपने अस्तित्व की लड़ाई लड़ रहे थे और मुझे अपनी पार्टी को एकजुट रखना था, ताकि हम एक मजबूत टीम के रूप में अपने दुश्मनों का डटकर सामना कर सकें.
कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष ने बताया कि मैंने अपनी ये राय अपने तक ही सीमित रखी, यहां तक कि अपने सबसे करीबी सहयोगियों को भी नहीं बताया. मुझे बस अंदर से यह एहसास था कि जो व्यक्ति पिछली कांग्रेस सरकारों की विरासत को आगे बढ़ाएगा, उसके पास सरकार चलाने का लंबा अनुभव होना चाहिए और उसकी ईमानदारी का रिकॉर्ड बेदाग होना चाहिए.








