Search
Close this search box.

ग्रेटर नोएडा में प्रदूषण से बिगड़ी लोगों की दिनचर्या, पार्कों में टहलना छोड़ा, घर से निकलने पर लगा रहे मास्क

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

ग्रेटर नोएडा में लगातार बढ़ते वायु प्रदूषण ने लोगों की दिनचर्या को प्रभावित करना शुरू कर दिया है. शहर में प्रदूषण के कारण लोगों को आंखों में जलन और सांस लेने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. हालात ऐसे हो गए हैं कि लोग घरों से बाहर निकलने में भी असहज महसूस कर रहे हैं. पहले सुबह और शाम पार्कों में टहलने जाने वाले लोग अब प्रदूषण के चलते अपनी यह आदत छोड़ने को मजबूर हैं. वहीं, घर से बाहर निकलने पर लोगों को मास्क लगाना पड़ रहा है. स्थानीय निवासियों का कहना है कि प्रदूषण की समस्या हर साल गंभीर होती जा रही है, लेकिन इससे निपटने के लिए प्रभावी कदम उठाने की जरूरत है.

स्थानीय निवासी दलबीर सिंह ने बताया कि ग्रेटर नोएडा में लगातार एक्यूआई बढ़ रहा है और प्रदूषण की स्थिति खराब होती जा रही है. इसका असर लोगों की सेहत पर दिखाई देने लगा है. आंखों में काफी जलन हो रही है और घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है. उन्होंने कहा कि इस बार दीपावली पर पटाखे छोड़ने को लेकर पाबंदी नहीं थी. ऐसे में प्रदूषण की समस्या और बढ़ गई. अब स्थिति यह है कि घर से बाहर निकलने के लिए भी मास्क लगाना पड़ रहा है. उन्होंने मांग की कि प्रदूषण को कम करने के लिए सड़कों पर नियमित रूप से पानी का छिड़काव कराया जाना चाहिए, ताकि लोगों को कुछ राहत मिल सके.
अस्थमा के मरीजों और बच्चों को हो रही परेशानी
स्थानीय निवासी दिनेश सिंह भाटी ने बताया कि प्रदूषण के कारण अस्थमा के मरीजों और सांस संबंधी समस्याओं से जूझ रहे लोगों को काफी परेशानी हो रही है. ऐसे लोग घरों से बाहर नहीं निकल पा रहे हैं. छोटे बच्चों पर भी प्रदूषण का असर पड़ रहा है. उन्होंने कहा कि इस समस्या से निपटने के लिए सख्त कानूनी कदम उठाने चाहिए, जिससे प्रदूषण पर नियंत्रण किया जा सके. इसके साथ ही उन्होंने विदेशों की तर्ज पर कृत्रिम बारिश जैसे विकल्पों पर विचार करने की बात कही, ताकि वातावरण में प्रदूषण कम करने में मदद मिल सके.
बच्चों की पढ़ाई हो रही प्रभावित
दिनेश सिंह भाटी ने बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होने का मुद्दा भी उठाया. उन्होंने बताया कि प्रदूषण के कारण स्कूल बंद करने पड़े और बच्चों की पढ़ाई ऑनलाइन माध्यम से कराई जा रही है. ऑनलाइन पढ़ाई में बच्चों को विषयों को समझने में परेशानी होती है. उन्होंने कहा कि यह स्थिति चिंता का विषय है, क्योंकि प्रदूषण का असर अब बच्चों की शिक्षा पर भी पड़ने लगा है. लोगों के लिए यहां रहना मुश्किल होता जा रहा है.
पार्कों में टहलना हुआ बंद, घरों में रहने को मजबूर लोग
जीटा स्थित सोसाइटी के निवासी कमल प्रकाश ने बताया कि आसपास के क्षेत्र में प्रदूषण का स्तर काफी बढ़ गया है. यहां सांस लेना भी मुश्किल महसूस हो रहा है. लोग लगातार परेशानियों का सामना कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि सरकार को इस समस्या पर गंभीरता से ध्यान देना चाहिए, क्योंकि प्रदूषण हर साल होने वाली समस्या बन गया है. पहले लोग सुबह और शाम पार्कों में टहलने जाते थे, लेकिन अब प्रदूषण के कारण यह दिनचर्या लगभग खत्म हो गई है. लोग पहले की तरह पार्कों में समय नहीं बिता पा रहे हैं.
एक सप्ताह से परेशान, आंखों में जलन और सांस लेने में दिक्कत
स्थानीय निवासी प्रमोद भाटी ने बताया कि वह पिछले एक सप्ताह से प्रदूषण के कारण काफी परेशान हैं. उन्होंने प्रदूषण की वजह से सड़कों और पार्कों में टहलना भी बंद कर दिया है. उनकी आंखों में काफी जलन हो रही है और सांस लेने में भी परेशानी महसूस हो रही है. उन्होंने कहा कि प्रदूषण से राहत दिलाने के लिए कुछ ठोस उपाय किए जाने चाहिए. प्रशासन को इस समस्या पर ध्यान देते हुए जरूरी कदम उठाने चाहिए. प्रदूषण के कारण उनकी सामान्य दिनचर्या प्रभावित हो रही है. सुबह-शाम की सैर से लेकर बच्चों की पढ़ाई तक पर इसका असर पड़ रहा है. लोगों ने प्रशासन और सरकार से मांग की है कि प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं, ताकि शहरवासियों को राहत मिल सके.
admin
Author: admin

और पढ़ें