शेयर बाजार के लिए हफ्ते की शुरुआत दमदार रही. एक तरफ बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 1000 अंक से ज्यादा उछलकर 75444 के स्तर पर पहुंच चुका है. वहीं, दूसरी तरफ निफ्टी भी 272 अंकों की तेजी के साथ 23325 पर कारोबार कर रहा है. शेयर बाजार में आज आईइस तेजी की कप्तानी रिलायंस के शेयर कर रहे हैं.
आज शुरुआती कारोबार के दौरान रिलायंस के शेयर 6% उछल गए, जिससे इसकी कीमत 1238.10 रुपये पर पहुंच गई. दरअसल, रिलायंस इंडस्ट्रीज ने जुलाई-सितंबर (Q2 FY27) तिमाही में कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट में 41% की भारी सालाना (YoY) बढ़ोतरी दर्ज की है, जो बढ़कर 25,548 रुपये करोड़ हो गया है. इसके चलते आज निवेशक इस पर जमकर दांव लगा रहे हैं. रिलायंस के शेयरों में आज आई यह तेजी बाजार को ऊपर उठाने में मददगार साबित हो रहे हैं.
इन शेयरों में भी आई तेजी
हालांकि, रिलायंस के साथ-साथ आज टाटा स्टील के शेयरों में 4.24%, एनटीपीसी में 3.28% और मारुति में 2.69% की तेजी देखी जा रही है. इन बड़े शेयरों में आज एक साथ तेजी के चलते निफ्टी का मेटल, ऑटो और एनर्जी इंडेक्स शानदार परफॉर्मेंस कर रहे हैं. इस बीच, सुबह के कारोबारी सेशन में विदेशी संस्थागत निवेशकों (FIIs) की तरफ से भी खरीदारी देखने को मिली है, जिससे बाजार का निचला स्तर मजबूत हुआ है.
मिनटों में 6 लाख करोड़ की गाढ़ी कमाई
आज का दिन भारतीय शेयर बाजार के निवेशकों के लिए वाकई में छप्परफाड़ कमाई वाला साबित हो रहा है. आज कारोबार शुरू होने के महज आधे घंटे में ही बीएसई (BSE) पर लिस्टेड सभी कंपनियों का कुल मार्केट कैपिटलाइजेशन 480 लाख करोड़ रुपये के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया, जिससे निवेशकों को 6 लाख करोड़ रुपये का फायदा हुआ.
शुक्रवार को पिछले कारोबारी सत्र बीएसई का कुल मार्केट कैप करीब 474 लाख करोड़ रुपये पर बंद हुआ था, जो आज सुबह बाजार खुलते ही 6 लाख करोड़ उछलकर 480 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गया. इसमें अकेले मुकेश अंबानी की रिलायंस इंडस्ट्रीज (RIL) का योगदान सबसे ज्यादा है.








